ZOFF Foods: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मसाला ब्रांड ZOFF Foods ने प्री-सीरीज़ बी फंडिंग राउंड में 2 मिलियन डॉलर जुटाए हैं। इस निवेश का नेतृत्व मौजूदा निवेशक JM Financial Private Equity ने अपने JM Financial India Growth Fund III के जरिए किया है। इस राउंड में boAt के सह-संस्थापक अमन गुप्ता ने भी निवेश किया है। यह कंपनी में निवेश का दूसरा दौर है, जो ZOFF Foods की विकास क्षमता और बाजार में संभावनाओं पर निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है।

JM Financial Private Equity के मैनेजिंग डायरेक्टर विनीत राय ने कहा, “भारतीय मसाला बाजार में ZOFF Foods एक मजबूत निवेश अवसर के रूप में उभर रहा है। संस्थापकों ने सिर्फ एक व्यवसाय नहीं बनाया, बल्कि एक ऐसा ब्रांड तैयार किया है जो उपभोक्ताओं से जुड़ता है। इसके लिए दूरदृष्टि, निरंतरता और बाजार की गहरी समझ जरूरी होती है। हमारी साझेदारी का उद्देश्य ZOFF Foods के राष्ट्रीय विस्तार को तेज करना और इसे एक अग्रणी FMCG ब्रांड बनाना है, जो लंबे समय तक घर-घर में भरोसेमंद मूल्य प्रदान करे।”

बता दें कि नई फंडिंग का उपयोग कंपनी ऑफलाइन डिस्ट्रीब्यूशन को मजबूत करने, मार्केटिंग और सेल्स बढ़ाने तथा पूरे भारत में ओमनी-चैनल विस्तार को तेज करने के लिए करेगी। इसके साथ ही कंपनी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी बढ़ाने और जनरल ट्रेड नेटवर्क को विस्तार देने की योजना बना रही है, ताकि बाजार में गहरी पहुंच बनाई जा सके।

Asquare Foods & Beverages Pvt. Ltd. द्वारा संचालित ZOFF Foods ने भारत के प्रतिस्पर्धी मसाला बाजार में शुद्धता, स्वच्छ प्रोसेसिंग, इन-हाउस मैन्युफैक्चरिंग और प्रीमियम पैकेजिंग के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है।

boAt के, को-फाउंडर अमन गुप्ता ने कहा, “मैंने ZOFF Foods को एक उभरते हुए ब्रांड से उपभोक्ताओं के भरोसेमंद ब्रांड में बदलते देखा है। उनकी सबसे बड़ी खासियत गुणवत्ता, नवाचार और अनुशासित कामकाज पर लगातार ध्यान देना है।”

ZOFF Foods के, को-फाउंडर आकाश अग्रवाल ने कहा, “यह फंडिंग हमारे सफर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, क्योंकि अब हम तेजी से बढ़ने वाले ब्रांड के रूप में आगे बढ़ रहे हैं। मसाला उद्योग में अब संगठित और गुणवत्ता पर आधारित कंपनियों की मांग बढ़ रही है और हमें विश्वास है कि हम इस बदलाव का नेतृत्व कर सकते हैं।”

इस निवेश के साथ ZOFF Foods का लक्ष्य जनरल ट्रेड, मॉडर्न रिटेल और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी और मजबूत करना है। साथ ही कंपनी मिश्रित मसालों, साबुत मसालों और अन्य खाद्य उत्पादों की अपनी उत्पाद श्रृंखला को भी विस्तार देगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H