पीएम मोदी असम के दो दिनी दौरे पर 13 मार्च को जाएंगे. इस दौरान वह हजारों करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. वहीं गृहमंत्री अमित शाह 15 मार्च को असम पहुंचेंगे. विधान सभा चुनाव से पहले भाजपा के शीर्ष नेताओं का राज्य का दौरा काफी अहम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के मुताबिक, प्रधानमंत्री इस दौरान राज्य को कुल मिलाकर करीब 32,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जो न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करेंगी बल्कि रोजगार के नए रास्ते भी खोलेंगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 और 14 मार्च को असम के दौरे पर जाएंगे. इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और चाय बागान समुदाय के लोगों को भूमि अधिकार प्रमाणपत्र भी वितरित करेंगे. 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 13 मार्च को असम के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं. वे 32,000 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिसमें सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस हाईवे और चाय बागान मजदूरों को जमीन का हक देना शामिल है.

प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत 13 मार्च को गुवाहाटी से करेंगे. यहां वे करीब 10,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि पीएम मोदी 150 मेगावाट की कोपिली जलविद्युत परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे.

इसी दिन गुवाहाटी में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ‘पीएम किसान योजना’ की अगली किस्त भी जारी करेंगे, जिससे राज्य के लाखों किसानों के खातों में सीधे आर्थिक मदद पहुंचेगी. सालों से अपनी जमीन के मालिकाना हक का इंतजार कर रहे मजदूर परिवारों को पीएम मोदी खुद भूमि अधिकार प्रमाणपत्र (Land Rights Certificates) सौंपेंगे. बता दें कि कई परिवार पिछले 200 सालों से इस कानूनी हक का इंतजार कर रहे थे.

14 मार्च को सुबह 11 बजे वे सिलचर में रहेंगे और 22,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिलचर-शिलांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस हाईवे का शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा भी कुछ परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करने के बाद वे कोलकाता के लिए रवाना होंगे.

गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘15 मार्च को अमित शाह असम आएंगे. सुबह करीब 10 बजे वे प्रागज्योतिषपुर मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे और इसके बाद 11 बजे से गुवाहाटी में भाजपा के ‘युवा संकल्प समावेश’ में शामिल होंगे.’ असम भाजपा के अनुसार, पशु चिकित्सा महाविद्यालय फील्ड, खानापारा में होने वाले इस कार्यक्रम में करीब एक लाख युवा कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m