BCCI Naman Awards: बीसीसीआई भारतीय क्रिकेट जगत में शानदार प्रदर्शन और योगदान को सम्मानित करने के लिए नमन (NAMAN) अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन करने जा रही है. यह अवॉर्ड फंक्शन 15 मार्च 2026 को नई दिल्ली में होगा.
BCCI Naman Awards: 15 मार्च का दिन भारतीय क्रिकेट के लिए खास होने जा रहा है. यह वही दिन है जब टीम इंडिया की जीत का जश्न मनेगा. दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘नमन अवॉर्ड्स 2026’ कार्यक्रम के एक मंच पर भारतीय क्रिकेट के कई सितारे जुटेंगे. कार्यक्रम के एक दिन पहले ही बोर्ड ने विजेताओं की घोषणा कर दी है. टीम इंडिया के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को लगातार दूसरी बार ‘पॉली उमरीगर अवॉर्ड’ (सर्वश्रेष्ठ पुरुष क्रिकेटर) के लिए चुना गया है, जबकि स्मृति मंधाना ने पांचवीं बार सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर का खिताब अपने नाम किया है.
‘नमन अवॉर्ड्स 2026’ इसलिए भी खास होने जा रहा है, क्योंकि पहली बार आईसीसी के 5 अलग-अलग खिताब जीतने वाली भारतीय टीमों को एक साथ सम्मानित किया जाएगा. 15 मार्च को नई दिल्ली में होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में घरेलू क्रिकेट के दिग्गजों से लेकर अंतरराष्ट्रीय सितारों तक हर उस चेहरे को नवाजा जाएगा, जिसने तिरंगे का मान बढ़ाया है. नीचे हमने विनर्स की लिस्ट दी है. बीसीसीआई की तरफ से यह अवॉर्ड्स हर साल खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों, कोच और अंपायरों को अलग-अलग कैटेगरी में दिए जाते हैं. इस बार रोहित-विराट का नाम शामिल नहीं है.
शुभमन गिल- शुभमन गिल को इस बार पॉली उमरीगर अवॉर्ड से नवाजा जाएगा. यह पुरुषों के लिए बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर का अवॉर्ड है, जो गिल दूसरी बार हासिल करने जा रहे हैं.
स्मृति मंधाना- इस बार मंधाना को महिलाओं की बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर का अवॉर्ड मिलेगा. यह पांचवां मौका है जब उन्हें यह अवॉर्ड मिलने जा रहा है. इसके साथ ही उन्हें 2024-25 में वनडे इंटरनेशनल मैचों में सर्वाधिक रन बनाने वाली बेस्ट बैटर का इनाम भी दिया जा रहा है.
ईरा जाधव- मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में कमाल का प्रदर्शन करने वाली इस खिलाड़ी को जगमोहन दलमिया ट्रॉफी मिलेगी, जो घरेलू क्रिकेट में बेस्ट महिला क्रिकेटर के लिए है.
शेफाली वर्मा- हरियाणा से आने वाली इस तूफानी ओपनर को सीनियर घरेलू वनडे में बेस्ट महिला क्रिकेटर के लिए जगमोहन दलमिया ट्रॉफी दी जाएगी.
आयुष म्हात्रे- दाएं हाथ के इस खिलाड़ी को मुंबई के घरेलू लिमिटेड ओवर्स टूर्नामेंट में बेस्ट ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड मिलेगा.
हर्ष दुबे- घरेलू क्रिकेट में विदर्भ के लिए खेलने वाले इस क्रिकेटर को रणजी ट्रॉफी में बेस्ट ऑलराउंडर के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड दिया जाएगा.
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) – एमसीए को फिर से बीसीसीआई घरेलू टूर्नामेंट में बेस्ट परफॉर्मेंस का अवॉर्ड मिलेगा, क्योंकि उन्होंने सीजन में चार ट्रॉफियां जीतीं और दो में उपविजेता रहे.
5 टीमों का एक-साथ सम्मान
नमन अवॉर्ड्स के कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इस बार 5 आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीमों का सम्मान भी होगा. शायद ऐसा पहली बार हो रहा है जब भारतीय क्रिकेट में इतनी बड़ी संख्या में खिताब जीतने वाली टीमों को एक साथ सम्मानित किया जाएगा.
सीनियर पुरुष टीम – आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025
सीनियर पुरुष टीम – आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026
सीनियर महिला टीम – आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025
पुरुष अंडर-19 टीम – आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026
महिला अंडर-19 टीम – आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप 2025
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

