कुंदन कुमार, पटना। बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए सुबह 9 बजे से मतदान जारी है। वोट डालने के लिए विधायकों के विधानसभा पहुंचने का सिलसिला जारी है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा उम्मीदवार नितिन नबीन भी विधानसभा पहुंचे और अपने मत का प्रयोग किया। बता दें कि नितिन नबीन पटना के बांकीपुर से विधायक भी हैं, राज्यसभा में उनकी जीत तय मानी जा रही है।
राजद विधायक ने मिलाया नितिन नबीन से हाथ
नितिन नबीन अपना वोट डालने जब विधानसभा परिसर में पहुंचे, तो उस समय एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। नितिन नबीन के पहुंचते ही वोट डालने पहुंचे राजद विधायक रणविजय साहू ने उनसे हाथ मिलाया। चुनाव के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात की तस्वीर सामने आते ही सियासी गलियारों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया। हालांकि इसे राजनीतिक से कहीं ज्यादा शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है। रणविजय साहू राजद के कद्दावर नेताओं में से एक हैं।
एनडीए के 176, महागठबंधन के 37 विधायकों ने डाले वोट
प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक एनडीए के 176 विधायक अपना वोट डाल चुके हैं। वहीं, महागठबंधन के 37 विधायकों ने भी मतदान कर लिया है। हालांकि कांग्रेस के 2 विधायकों (सुरेंद्र कुशवाहा और मनोज विश्वास ) का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है। वह कल से महागठबंधन के नेताओं के संपर्क में नहीं हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या तेजस्वी के होटल वाली पालिटिक्स के बावजूद भी क्या महागठबंधन में खेला हो गया है। बता दें कि एआईएमआईएम के 5 और बसपा के एक विधायक ने महागठबंधन के पक्ष में वोट किया है।
तेजस्वी के चैंबर से निकली हम विधायका
राज्यसभा चुनाव के दौरान हम पार्टी की विधायक ज्योति देवी और दीपा मांझी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चैंबर में चली गई थी। हालांकि कहा जा रहा है कि वे गलती से तेजस्वी की चैंबर में चली गई थीं। लेकिन इसे लेकर सियासी गलियारों में अफवाहों का बाजार गर्म है। वहीं, एनडीए के अंदर भी बयान बाजी शुरू हो गई है।
भाजपा विधायक ने किया बचाव
हालांकि भाजपा विधायक राजू सिंह ने कहा है कि, गलती से ऐसा हुआ है। कोई बात नहीं है। दीपा मांझी और ज्योति देवी जी सीधे सादे विधायक हैं। इस घटना को अन्यथा नहीं लें। रास्ते में मिल गए तो किसी से भी कोई मिल लेता है। चुनाव में एनडीए पूरी तरह एक जुट है। चार-पांच घंटे की बात है। देखिएगा पूरा परिणाम एनडीए के पक्ष में आएगा। हम लोग सभी सीट जीत रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने पांचों सीट पर किया जीत का दावा
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी विधानसभा एनडीए के पक्ष में अपना वोट डाला। वहीं, राज्यसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि, NDA पूरी तरह एकजुट है। NDA के लोग सभी अपने पांचों उम्मीदवारों को जिताने के लिए संकल्पित हैं। लगभग सबने मतदान कर दिया है। हमारे पांचों उम्मीदवार जीतेंगे… बिहार में सबका सम्मान है।
ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: अनंत सिंह ने राजनीति से संन्यास का किया ऐलान, बोले- नीतीश नहीं रहेंगे तो मैं भी…
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

