लखनऊ. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने फिर से समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में सपा का संपूर्ण सफाया हो जाएगा. केशव प्रसाद ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव फ्रस्ट्रेशन में हैं और सपा को पहले ही आधी आबादी ने नकार दिया है. उन्होंने कहा कि सपा का मतलब महिलाओं की सुरक्षा को खतरे में डालना है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि अब न किसी का सुहाग खतरे में डाला जाएगा और न ही संतान. डिप्टी सीएम ने सपा को यूपी की सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए कहा कि 2047 तक पार्टी के लिए कोई उम्मीद नहीं है.

बता दें कि बीते दिनों ही मौर्य ने विपक्ष के लिए कहा था कि ‘2047 तक विपक्ष की वापसी की कोई संभावना नहीं है. सपा का काम अब खत्म, ये ‘समाजवादी’ नहीं ‘समाप्तवादी’ पार्टी बनने की ओर है’. मौर्य लगातार विपक्ष पर निशाना साध रहे हैं. बीते दिनों भी प्रयागराज दौरे के दौरान उन्होंने अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर हमला बोला था.

इसे भी पढ़ें : 2047 तक विपक्ष की वापसी की कोई संभावना नहीं… केशव प्रसाद मौर्य का विपक्ष पर तंज, कहा- समाजवादी तो अब समाप्तवादी पार्टी हो गई है

मौर्य ने अखिलेश यादव की देशभक्ति तक पर सवाल खड़े किए थे. उन्होंने ये भी कहा था कि दोनों नेताओं को आगामी चुनाव में सबक सिखाएगी. केशव प्रसाद मौर्य ने कहा था कि एक ओर जहां ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच युद्ध चल रहा है, जिसकी वजह से दुनिया के साथ देश में भी उर्जा संकट देखने को मिल रहा है. इन सबके बीच अखिलेश यादव और राहुल गांधी अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. मैं अखिलेश यादव को देशद्रोही तो नहीं कह सकता, लेकिन उनकी देशभक्ति पर संदेह है.