रुद्रप्रयाग. केदारनाथ धाम में शुक्रवार रात से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में फिर से बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है. हाल ही में जिन रास्तों से बर्फ हटाई गई थी, वे एक बार फिर पूरी तरह बर्फ से ढक गए हैं. मंदिर परिसर भी पूरी तरह बर्फ से ढक गया है. लगातार हो रही बर्फबारी से वहां चल रहे यात्रा की तैयारी प्रभावित हो गई है.

बताया जा रहा है कि इस बार अप्रैल में भी मौसम सामान्य नहीं है और लगातार खराब बना हुआ है. ऐसे में आगामी 22 अप्रैल को प्रस्तावित कपाट खुलने की तिथि को देखते हुए प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की चिंताएं बढ़ गई हैं. बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने जानकारी दी है कि बीती शाम से ही बर्फबारी जारी है. जिन स्थानों से बर्फ हटाई गई थी, वहां फिर से बर्फ जम गई है, जिससे व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं. यात्रा की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से तैयार करने में कठिनाई आ रही है.

इसे भी पढ़ें : उत्तराखंड वाले सावधान हो जाएं! प्रदेश के कई जिलों में 50 से 60 किमी. की रफ्तार से चलेगी हवा, बारिश के साथ ओलावृष्टि का भी अलर्ट

बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 4 अप्रैल को उत्तराखण्ड राज्य के जनपद उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि औऱ झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी/घंटा, जो बढ़कर 60 किमी/घंटा तक) चलने की संभावना व्यक्त की गई है. उक्त जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जनपदों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है.