सुमन शर्मा/कटिहार। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहा फलका थाने की पुलिस हिरासत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश की लहर दौड़ गई और उग्र भीड़ ने घंटों तक जमकर उत्पाद मचाया। प्रशासन ने स्थिति को बिगड़ते देख फलका थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

​क्या है पूरा मामला?

​मृतक की पहचान राकेश कुमार यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने उसे बाइक चोरी के संदेह में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस कस्टडी में राकेश के साथ बेरहमी से मारपीट की गई जिससे उसकी स्थिति नाजुक हो गई और अंततः उसकी जान चली गई।
​दूसरी ओर पुलिसिया थ्योरी कुछ और ही बयां कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि युवक ने हिरासत के दौरान अपने गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था। आनन-फानन में उसे फलका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

​आक्रोशित ग्रामीणों का तांडव

​युवक की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली स्थानीय लोग और परिजन सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने फलका चौक को जाम कर टायर जलाए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन इतना उग्र था कि भीड़ ने मौके पर मौजूद पुलिस टीम को खदेड़ दिया। इस अफरा-तफरी के बीच प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिसकर्मी की सरकारी राइफल भी छीन ली जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

​प्रशासनिक कार्रवाई और जांच के आदेश

​तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कटिहार एसपी शिखर चौधरी और कोढ़ा डीएसपी रंजन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने फलका थाना प्रभारी रवि कुमार राय को सस्पेंड कर दिया है।

​मुआवजे और न्याय की मांग

​पीड़ित परिवार ने इस घटना को हिरासत में हत्या करार देते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती और परिवार को उचित मुआवजा नहीं मिलता उनका विरोध जारी रहेगा। वर्तमान में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।