मिर्जापुर. प्रदेश की योगी सरकार के दावों के मुताबिक राज्य में भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति है. लेकिन पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में आए दिन पीपा पुल के टूटने की खबरें सरकार की नीति पर सवाल खड़े कर रही है. प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से ऐसी खबरें आ रही हैं. ये पुल निर्माण के कुछ समय बाद ही दम तोड़ रहे हैं. ऐसे में सवाल ये है कि आखिर इसका कारण भ्रष्टाचार है या लापरवाही या कुछ और? लगातार पीपा पुल टूटने की घटना के पीछे आखिर लूपहोल्स है कहां? आज फिर एक पीपा पुल तेज बहाव में टूट गया. बहाव में सिर्फ पुल ही हीं टूटा बल्कि सरकार के दावों को भी बहाकर ले गया.
मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य 14 दिन पहले इस पुल का उद्धाटन किया था. 2 करोड़ 45 लाख की लागत से तैयार पीपा पुल एक भी आंधी नहीं झेल पाया. पीपा पुल क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद मिर्जापुर PWD के अधिशासी अभियंता ने विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि 3 अप्रैल को तेज आंधी आने के कारण पानी बढ़ गया था. किनारा खिसक रहा है, जिसके कारण दो दिन आवागमन बाधित रहेगा. मरममत के बाद 6 अप्रैल को पीपा पुल फिर से खोल दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें : योगी’राज’ में मौत का इंतजाम! पीपा पुल रो रहा बदहाली के आंसू, जान जोखिम में डालकर नदी पार कर रहे हजारों लोग, नींद में ‘सुस्त’ सरकार और ‘निकम्मा’ सिस्टम?
यह पीपा पुल गंगा नदी पर बना है, जो नेवढ़िया घाट से गेगराव घाट को जोड़ता है. इस पुल से भदोही के महाराजगंज के साथ ही मिर्जापुर सिटी और मझवां ब्लॉक के कई गांव तक आवागमन होता था. मिर्जापुर जनपद में पीपा पुल क्षतिग्रस्त होने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है. दो दिन पहले सदर विधायक रत्नाकर मिश्रा के उद्घाटन किया गया पीपा पुल 15 दिन में ही क्षतिग्रस्त हो गया था. अब मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्य के उद्घाटन किया गया पीपा पुल 14 दिन में ही तेज हवा में उड़ गया है. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बता दें कि बीते 27 मार्च को कुशीनगर के खड्डा तहसील क्षेत्र में बड़ी गंडक नदी पर करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पीपा पुल भी टूट गया था. आज भी ये पुल आम जनता के लिए उपयोगी साबित नहीं हो पाया है. लगभग 15 से 20 हजार की आबादी, जो नदी के उस पार निवास करती है, आज भी बुनियादी आवागमन सुविधा के लिए संघर्ष कर रही है. हालात ऐसे हैं कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे नदी पार करने को विवश हैं. भैसहा घाट पर बने इस पीपा पुल का उद्घाटन करीब पांच साल पहले बड़े धूमधाम और सरकारी तामझाम के साथ किया गया था. उस समय इसे क्षेत्रीय विकास की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रस्तुत किया गया था.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें

