कुंदन कुमार, पटना। सीएम नीतीश ने आज शुक्रवार (10 अप्रैल) को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ ली। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने संसद भवन में उन्हें पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही नीतीश कुमार चारों सदनों के सदस्य बनने वाले नेता बन गए। मुख्यमंत्री नीतीश द्वारा राज्यसभा की शपथ लेने पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।

हमने तो पहले ही कहा था- तेजस्वी यादव

सीएम नीतीश के राज्यसभा पद की शपथ लेने पर तेजस्वी यादव ने कहा कि, चुनाव (2025 विधानसभा) के समय में हमने पहले ही कहा था कि उनको सीएम नहीं रहने दिया जाएगा। उस समय एनडीए के नेता कहते थे कि 25 से 30 नीतीश। उन लोगों ने झूठ बोला। तेजस्वी ने सवाल उठाते हुए पूछा कि, आखिर सरकार में परिवर्तन क्यों किया जा रहा है? यही इच्छा थी तो चुनाव के पहले भी बोल सकते थे।

‘नीतीश की इच्छा नहीं, बीजेपी ने थोपा’

तेजस्वी यादव ने कहा कि, सीएम नीतीश की इच्छा नहीं थी की वे राज्यसभा जाएं। बीजेपी ने उनके ऊपर थोपा है। नेता प्रतिपक्ष ने आगे कहा कि, असली सवाल यह है कि बिहार की स्थिति क्या है? बिहार का स्थिति बद से बदतर होते जा रहा है।लोग पलायन कर रहे हैं, उनके लिए सरकार ने क्या कोई व्यवस्था की है? इन लोगों का बस काम है भाड़ में जाए बिहार लेकिन अपना कुर्सी बना रहे।

TRE 4 शिक्षक भर्ती का उठाया मुद्दा

मीडिया बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने TRE 4 शिक्षक भर्ती का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि, TRE 4 शिक्षक भर्ती वाले पर हम लोगों ने कल भी लिखा हम लोगों ने रिकमेंड किया था, आज उस पर क्या हो रहा है? यह लोग काम करने वाले लोग नहीं है। ये बिहार को बर्बाद कर रहे हैं।

सीएम नीतीश का हुआ अपमान- तेजस्वी

तेजस्वी यादव ने कहा कि, कौन सीएम बनेगा कौन नहीं बनेगा क्या जनता का मांडेंट (जनता द्वारा दिया गया अधिकार या समर्थन) है? जनता जिनको चाह रही है। वह मुख्यमंत्री बन ही नहीं रहा है, तो फिर क्या मतलब है? तेजस्वी ने कहा कि, नीतीश कुमार का कभी कोई हाथ पकड़ता है, तो कभी कोई कुर्ता को खींचता है। कितना दबाव है उन पर, वीडियो देख लीजिए।

उन्होंने कहा कि, जब नीतीश कुमार भाषण देते हैं, तो लाइन कटवाया जाता है। जब नीतीश कुमार बोल रहे होते हैं तो सदन को स्थगन कर दिया जाता है। उनको अपमानित किया गया।

ये भी पढ़ें- नीतीश के राज्यसभा सांसद बनने पर मांझी ने नहीं दी बधाई, जानें क्या है कारण, भावुक होते हुए सोशल मीडिया पर लिखी ये बात