अजय शास्त्री/ बेगूसराय। जिले में शनिवार को एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम बम विस्फोट की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो एएसआई (ASI) और एक एसटीएफ (STF) जवान समेत कुल 5 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। यह टीम दरभंगा में हुई 2 करोड़ रुपये की बड़ी ज्वेलरी लूट के मामले में साक्ष्य जुटाने और लूटा गया सोना बरामद करने वृंदावन गांव पहुंची थी।
कैसे हुआ हादसा?
दरभंगा पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव में संजीव सिंह के घर के पीछे स्थित बगीचे में जांच कर रही थी। पुलिस को इनपुट मिला था कि लूटे गए जेवरात बगीचे में जमीन के नीचे छिपाए गए हैं। टीम डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर के साथ वहां सर्च ऑपरेशन चला रही थी, तभी अचानक झाड़ियों में छिपाकर रखा गया देसी बम ब्लास्ट हो गया।
इस धमाके में एएसआई विपिन कुमार ओझा, महिला एएसआई गुड़िया कुमारी और एसटीएफ जवान मृत्युंजय कुमार समेत दो अन्य कर्मी घायल हुए। आनन-फानन में सभी को नावकोठी पीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो जवानों को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
2 करोड़ की लूट और जेल से कनेक्शन
घटना की जड़ें 3 अप्रैल को दरभंगा में हुई ‘प्रेम ज्वेलर्स’ की लूट से जुड़ी हैं। हथियारबंद अपराधियों ने दुकान में घुसकर ग्राहकों और कर्मचारियों को बंधक बनाया और लगभग 700 ग्राम सोना, 25 किलो चांदी और 10 लाख कैश लूट लिया था। दरभंगा एसएसपी जगुनाथ रेड्डी के अनुसार, इस बड़ी लूट की साजिश समस्तीपुर की दलसिंहसराय जेल में रची गई थी।
नोएडा से गिरफ्तारी और बड़ी बरामदगी
इस मामले में पुलिस ने अब तक 12 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी संजीव सिंह नोएडा में छिपा था, जिसे पुलिस ने वहीं से दबोचा। संजीव की निशानदेही पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने बीते कल उसके घर से 28 किलो चांदी के सिक्के, 8 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना बरामद किया था। शनिवार को टीम बचे हुए जेवरात की तलाश में दोबारा उसके बगीचे में पहुँची थी, तभी यह ब्लास्ट हुआ।
SIT का एक्शन और अंतरराज्यीय ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। इस पूरे ऑपरेशन में बिहार पुलिस के साथ-साथ यूपी एसटीएफ और असम पुलिस का भी सहयोग लिया गया है। फिलहाल इलाके को सील कर दिया गया है और बगीचे में अन्य संदिग्ध वस्तुओं की तलाश जारी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

