Bihar Players in IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन बिहार क्रिकेट के लिए बहुत खास है. ऐसा इसलिए क्योंकि यहां के 7 खिलाड़ी 19वें सीजन में खेल रहे हैं. 5 ने तो अपने प्रदर्शन से गर्दा उड़ा रखा है, जबकि 2 को अपनी बारी का इंतजार है.
Bihar Players in IPL 2026: IPL 2026 वो मंच है, जहां से खिलाड़ियों की किस्मत चमकती है. इस मंच पर उन सभी खिलाड़ियों को मौका मिलता है, जिनके पास टैलेंट है. भारत के हर कोने से खिलाड़ी यहां जुटते हैं और एक साथ खेलते नजर आते हैं. इस लीग से हर साल कोई ना कोई युवा खिलाड़ी निकलता है. पिछले सीजन वैभव सूर्यवंशी इस लीग की सबसे बड़ी खोज थे, जिन्हें राजस्थान रॉयल्स ने नीलामी में 1 करोड़ से ज्यादा की कीमत पर खरीदा था. वैभव ने डेब्यू सीजन में बल्ले से गर्दा उड़ाया था.
आईपीएल 2025 में वैभव ने 7 मैचों में 1 शतक और 1 फिफ्टी के दम पर 252 रन ठोके थे, जिसमें 35 बॉल पर आया तूफानी शतक भी शामिल था. दूसरे सीजन में भी 15 साल का यह खिलाड़ी गर्दा उड़ा रहा है. खास बात ये है कि वैभव अकेले बिहारी नहीं हैं, जो 19वें सीजन में छाए हुए हैं. इस बार वैभव को मिलाकर बिहार से आने वाले 7 खिलाड़ी इस मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं.
अलग-अलग टीमों का हैं हिस्सा
यह सातों खिलाड़ी अलग-अलग टीमों का हिस्सा हैं. इनमें से ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, मुकेश कुमार, साकिब हुसैन और अनुकूल रॉय जैसे सितारों ने तो मैदान पर ‘गर्दा’ उड़ा रखा है. 21 साल के तेज गेंदबाज साकिब हुसैन के 13 अप्रैल को हुए ऐतिहासिक डेब्यू ने बिहार का मान बढ़ाया है, जबकि दूसरी ओर, मोहम्मद इजहार और सार्थक रंजन जैसे प्रतिभावान खिलाड़ी अपनी बारी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. इन दोनों को अब तक डेब्यू का मौका नहीं मिला है.
1 – ईशान किशन

पटना से आने वाले ईशान किशन किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं. वो झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. टीम इंडिया का अहम हिस्सा हैं. आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर रहे हैं. 5 मैचों में वो 42 की औसत से 213 रन ठोक चुके हैं.
2 – वैभव सूर्यवंशी

दूसरा नाम वैभव सूर्यवंशी का है, जो समस्तीपुर के रहने वाले हैं. 5 मैचों में वो इस बार 18 छक्के और इतने ही चौकों की मदद से 200 रन बना चुके हैं. उनका स्ट्राइक रेट 263.16 का है. 15 साल की उम्र में वैभव ने इस सीजन 15 बॉल पर 2 अर्धशतक ठोके हैं.
3 – मुकेश कुमार

तीसरा नाम दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे गोपालगंज के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार हैं. मुकेश बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और टीम इंडिया के लिए टेस्ट में डेब्यू कर चुके हैं. उनके नाम इस लीग के 36 आईपीएल मैचों में 40 विकेट हैं. 19वें सीजन में मुकेश ने 4 मैचों में 4 विकेट निकाले हैं.
4 – अनुकूल रॉय

केकेआर टीम का हिस्सा हैं. बाएं हाथ का ये ऑलराउंडर बिहार के समस्तीपुर जिले से आता है. वो घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिए खेलते हैं. उनकी ऑलराउंड क्षमता टीम बैलेंस के लिए बेहद अहम है. वो तगड़े फील्डर भी हैं. 19वें सीजन के 4 मैचों में तीन विकेट चटका चुके हैं.
5 – साकिब हुसैन

बिहार के गोपालगंज से आते हैं. 13 अप्रैल को डेब्यू मैच में 4 विकेट लेकर सनराइजर्स हैदराबाद के लिए हीरो बने. इस खिलाड़ी को हैदराबाद ने नीलामी में 30 लाख की कीमत पर अपने साथ जोड़ा था. तेज गेंदबाज साकिब की कहानी बहुत भावुक है. परिवार की आर्थिक तंगी के बीच मां ने गहने गिरवी रखकर साकिब को क्रिकेटर बनाया है.
6 – मोहम्मद इजहार

यह लेफ्ट-आर्म पेसर बिहार के सुपौल जिले के एक छोटे से कस्बे बीरपुर से आता है. उन्हें मुंबई इंडियंस ने अपने साथ जोड़ा है. 22 साल के इजहार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार के लिए 5 मैचों में 15.55 की औसत से 9 विकेट झटके थे, लेकिन अब तक उन्हें आईपीएल 2026 में मौका नहीं मिला है.
7 – सार्थक रंजन

पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव के बेटे हैं. सार्थक रंजन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा था. ये वही सार्थक हैं, जिन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) के पिछले सीजन यानी 2025 में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा था. अब उन्हें केकेआर के लिए अपने डेब्यू का इंतजार है.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

