बेगूसराय। जिले के तेयाय ओपी क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहां रघुनंदनपुर गांव में एक फैशन डिजाइनर के घर को निशाना बनाकर चोरों ने करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने न केवल पुलिस गश्त की पोल खोल दी है, बल्कि एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को भी मातम में बदल दिया है।
गहरी नींद में सोता रहा परिवार
घटना नवीन साह के घर की है। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से घर के पिछले रास्ते से प्रवेश किया। पकड़े जाने के डर से बदमाशों ने सबसे पहले उस कमरे और मुख्य द्वार को बाहर से बंद कर दिया, जिसमें नवीन साह, उनकी पत्नी शीला देवी और बेटी कंचन गुप्ता सो रहे थे। इसके बाद चोरों ने दूसरे कमरे में रखी अलमारी और बक्सों को इत्मीनान से खंगाला। सुबह जब परिवार की नींद खुली और दरवाजा बाहर से बंद मिला, तब उन्हें अनहोनी का अहसास हुआ। पड़ोसियों ने आकर जब कुंडी खोली, तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए।
बेटी की शादी कैसे करेंगे
पीड़ित परिवार के अनुसार, उनका बेटा प्रियांशु साह एक प्रोफेशनल फैशन डिजाइनर है और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहता है। घर की महिला शीला देवी ने रोते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी के लिए पाई-पाई जोड़कर गहने बनवाए थे। चोरों ने लगभग 150 ग्राम सोना, 750 ग्राम चांदी, 50 हजार रुपये नकद और कीमती कपड़ों समेत करीब 25 लाख का सामान पार कर दिया है। भावुक मां ने कहा, सब कुछ बर्बाद हो गया, अब बेटी के हाथ पीले कैसे करेंगे?
एक अन्य घर में चोरी की कोशिश नाकाम
रघुनंदनपुर में ही चोरों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य भालसरी साह के घर भी सेंधमारी की कोशिश की। हालांकि, ताला टूटने की आवाज सुनकर घर के लोग जाग गए और शोर मचा दिया। ग्रामीणों की सजगता के कारण चोर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले और वहां बड़ी वारदात होने से टल गई।
पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि पुलिस गश्त केवल कागजों तक सीमित है। वहीं, तेयाय ओपी पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। संदिग्धों की तलाश के साथ पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

