Rajasthan Weather Update : राजस्थान में इस समय काफी ज्यादा गर्मी पड़ रही है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. हालांकि शाम के समय में बीकानेर संभाग के कुछ इलाकों में मौसम में हल्का बदलाव देखा गया है. बीकानेर, चूरू और हनुमानगढ़ जैसे क्षेत्र में बादल छाए थे और कई जगहों पर धूलभरी हवाएं चलीं, जिससे कुछ समय के लिए तापमान में राहत महसूस हुई. राज्य में आर्द्रता की औसत मात्रा मात्र 10 से 30 प्रतिशत के बीच दर्ज की गई.

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 4-5 दिनों तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा और अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है. विशेष रूप से 17 और 18 अप्रैल को राज्य के पश्चिमी क्षेत्र जैसे जोधपुर और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक होगा. वहीं बालोतरा, बाड़मेर, जैसलमेर और श्रीगंगानगर में कहीं-कहीं हीटवेव चलने की आशंका जताई गई है. जयपुर में अधिकतम तापमान लगभग 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
इस साल मानसून के दौरान कम हो सकती है बारिश
बता दें कि पिछले दो सालों में राजस्थान समेत देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने अच्छी बारिश दी थी, लेकिन साल 2026 में स्थिति उलट हो सकती है. आईएमडी के अनुसार, जून से सितंबर के बीच कुल मानसूनी वर्षा दीर्घकालीन औसत (LPA) का सिर्फ 92 प्रतिशत रहने की संभावना है. यह सामान्य से कम श्रेणी में आता है. देश का LPA (1971-2020 आधार पर) 87 सेमी है. 90-95 प्रतिशत LPA को ‘सामान्य से कम’ माना जाता है. यह 2018 के बाद सबसे कम पूर्वानुमानित वर्षा है.
इस बार राजस्थान में कमजोर रह सकता है मानसून
राजस्थान में LPA सामान्यतः 435.6 से 500 मिमी के आस-पास माना जाता है. आईएमडी ने कमजोर मानसून का मुख्य कारण अल नीनो प्रभाव बताया है. अप्रैल से जून तक स्थिति तटस्थ रहने की संभावना है, लेकिन मानसून सीजन के दौरान अल नीनो मजबूत होने की आशंका है, जिससे बारिश प्रभावित होगी. इससे न सिर्फ गर्मी बढ़ेगी, बल्कि खरीफ फसलों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

