सक्ती/रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट मंगलवार को एक भीषण त्रासदी का गवाह बना। प्लांट में हुए जोरदार बॉयलर ब्लास्ट ने न केवल औद्योगिक सुरक्षा के दावों की पोल खोल दी, बल्कि कई परिवारों के चिराग भी बुझा दिए। इस हृदयविदारक हादसे में अब तक कुल 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रायगढ़ के अस्पतालों में इलाज के दौरान 14 अन्य ने दम तोड़ दिया। वहीं, 2 मजदूरों की मृत्यु रायपुर के कालड़ा अस्पताल में उपचार के दौरान हुई।
देशभर के मजदूर आए थे चपेट में
इस हादसे की मार केवल स्थानीय लोगों पर नहीं, बल्कि रोजी-रोटी की तलाश में आए प्रवासी मजदूरों पर भी पड़ी है। मृतकों में से केवल 5 छत्तीसगढ़ के निवासी थे, जबकि अन्य मृतक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। प्लांट के सुरक्षा प्रमुख प्रेम झा के अनुसार, हादसे में कुल 36 लोग झुलसे हैं। वर्तमान में 16 घायलों का उपचार जारी है, जिनमें से कई की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। रायगढ़ और रायपुर के निजी अस्पतालों में जीवन और मौत के बीच जूझ रहे मजदूरों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे का मरहम और नौकरी का वादा
हादसे के बाद प्लांट परिसर में भारी तनाव और हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई थी। आक्रोशित परिजनों ने प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पर्याप्त आर्थिक सहायता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इसके बाद वेदांता प्रबंधन ने घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 35-35 लाख रुपये की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी दी जाएगी। वहीं, गंभीर रूप से घायल श्रमिकों को 15-15 लाख रुपये दिए जाएंगे।
सरकार की ओर से सहायता और सख्त जांच
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए इसे अपूरणीय क्षति बताया है। राज्य सरकार ने मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने भी सहायता का हाथ बढ़ाया है, जिसके तहत PMNRF से मृतकों के परिजनों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। सक्ती जिले के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं, ताकि ब्लास्ट के असली कारणों का पता लगाया जा सके और दोषियों को सजा मिल सके।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

