चंडीगढ़। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा एक बार फिर अपने देहरादून कार्यक्रम के दौरान कथित आपत्तिजनक बोल को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस मामले में उन्होंने दोबारा माफी मांगते हुए सफाई दी है कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली थी, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में हैं।
मासूम शर्मा ने बताया कि इस विवाद को लेकर उन्होंने राज्य महिला आयोग को ई-मेल के माध्यम से अपना जवाब भेज दिया है। हालांकि, व्यस्तता के कारण वह अभी तक आयोग के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश नहीं हो सके हैं।
फिल्म के प्रमोशन के लिए पहुंचे चंडीगढ़
शुक्रवार को वह अपनी आने वाली फिल्म ‘लाइसेंस’ के प्रमोशन के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे, जहां उनके साथ अभिनेता यशपाल शर्मा, निर्देशक-लेखक रणजीत चौहान और अन्य टीम सदस्य मौजूद थे।
इसी दौरान पत्रकारों द्वारा विवाद से जुड़े सवाल पूछे जाने पर वह असहज हो गए और प्रतिक्रिया में नाराजगी भी जताई। हालांकि, बाद में उन्होंने स्थिति को संभालते हुए कहा कि वह इस समय मानसिक दबाव में हैं, जिसका असर उनके व्यवहार पर भी पड़ा है।
विवाद के बीच यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है और महिला आयोग द्वारा आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

