Mohammad Nawaz tests positive in drug test: पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला डोपिंग से जुड़ा है, जिसमें पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज़ (Mohammad Nawaz) का नाम सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान लिए गए सैंपल में नवाज ड्रग टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि यह सैंपल टूर्नामेंट के दौरान लिया गया था, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इसकी जानकारी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को दी। इसके बाद PCB ने तुरंत आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
PCB बोला—अंतिम फैसला अभी बाकी
PCB के प्रवक्ता के मुताबिक, ICC से सूचना मिलने के बाद निर्धारित प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जांच जारी है। फिलहाल मामले में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। बोर्ड ने कहा है कि Mohammad Nawaz के खिलाफ जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
ICC की एंटी-डोपिंग प्रक्रिया के तहत जांच
यह मामला ICC की एंटी-डोपिंग नीति के तहत गोपनीय तरीके से जांच के दायरे में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, नवाज का पॉजिटिव टेस्ट “रिक्रिएशनल ड्रग्स” से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि ICC ने आधिकारिक रूप से इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।
करियर पर असर, सरे ने रद्द की डील
इस विवाद का असर नवाज के करियर पर भी पड़ने लगा है। इंग्लैंड में होने वाले टी20 ब्लास्ट टूर्नामेंट के लिए उनका Surrey County Cricket Club के साथ जुड़ना लगभग तय था। PCB से उन्हें एनओसी भी मिल चुका था और क्लब जल्द ही उनके साइनिंग का ऐलान करने वाला था, लेकिन डोपिंग विवाद सामने आने के बाद सरे ने यह डील रद्द कर दी।
वर्ल्ड कप में प्रदर्शन रहा साधारण
32 वर्षीय नवाज ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के सभी सात मुकाबले खेले थे। हालांकि उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा—उन्होंने बल्ले से सिर्फ 15 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में 7 विकेट हासिल किए। पाकिस्तान की टीम सुपर-8 चरण में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी।
जांच के बीच PSL में खेल रहे नवाज
गौर करने वाली बात यह है कि जांच जारी रहने के बावजूद नवाज पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में मुल्तान सुल्तांस की ओर से खेलते हुए नजर आ रहे हैं। हाल ही में कराची में खेले गए एक मुकाबले में उन्होंने गेंदबाजी की, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।
98 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके नवाज
नवाज अब तक पाकिस्तान के लिए 98 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं। वह टीम के व्हाइट-बॉल सेटअप का अहम हिस्सा रहे हैं और अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन व निचले क्रम की बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं।
क्या हो सकती है कार्रवाई?
अगर जांच में एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो नवाज को निलंबन या अन्य अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल पूरे मामले पर क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

