सोनू वर्मा, नूंह। मुंढाका-नौगावां बॉर्डर पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती और तेज कर दी है। बुधवार रात करीब 8 बजे एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और स्वयं निरीक्षण करते हुए संबंधित टीमों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान आरटीए नूंह की टीम, जिसमें इंस्पेक्टर वीरेंद्र अपने स्टाफ के साथ मौजूद रहे, ने कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाई।
संयुक्त अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस से सब इंस्पेक्टर जगदीश और सदर थाना फिरोजपुर झिरका से सब इंस्पेक्टर यादराम अपनी टीमों के साथ मौके पर तैनात रहे। प्रशासन की यह कार्रवाई खासतौर पर उन ओवरलोड वाहनों को ध्यान में रखते हुए की जा रही है, जो नियमों की अनदेखी कर रात के समय हरियाणा सीमा में प्रवेश करने की कोशिश करते हैं।

देर रात चलाया जा रहा है अभियान
मिली जानकारी के अनुसार, दिन में ये वाहन राजस्थान सीमा के पास खड़े रहते हैं और रात होते ही हरियाणा में दाखिल हो जाते हैं। इस रणनीति को देखते हुए प्रशासन ने रात में विशेष जांच अभियान शुरू किया है, ताकि ऐसे वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में ओवरलोडिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, जिससे सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और राजस्व नुकसान को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का समर्थन करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और सड़क हादसों में कमी आएगी।

