चंडीगढ़। हरियाणा के अंबाला में वाहन पंजीकरण से जुड़ी अनियमितताओं के सामने आने के बाद सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। परिवहन मंत्री अनिल विज ने सभी एसडीएम कार्यालयों और आरटीओ में विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
मंत्री ने यह भी कहा कि इस मामले की जांच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से कराई जाएगी। जांच में यह सामने आया है कि एसडीएम कार्यालयों के माध्यम से तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों में अधूरे पतों पर वाहनों का पंजीकरण किया गया।
अनिल विज के मुताबिक, यह मामला केवल अंबाला तक सीमित नहीं हो सकता, इसलिए पूरे हरियाणा में जांच जरूरी है ताकि किसी भी स्तर पर हुई गड़बड़ी का पता लगाया जा सके।


बस संचालकों के लिए नए निर्देश
मंत्री ने स्टेज कैरिज स्कीम-2016 का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। निजी बस ऑपरेटरों को छात्रों और रियायती/मुफ्त पास धारकों को यात्रा कराने की बाध्यता होगी, इसके लिए सरकार अलग से कोई सब्सिडी नहीं देगी।


यातायात नियमों पर सख्ती
शहरों में भारी वाहनों की अनधिकृत एंट्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं, खासकर बाजार और रिहायशी इलाकों में।
निर्माण सामग्री जैसे रेत, मिट्टी, सीमेंट और पत्थर ले जाने वाले वाहनों को ढंककर चलाना अनिवार्य किया गया है। नियम तोड़ने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे जागरूकता अभियान चलाएं, ताकि लोग नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाया जा सके।