अंबाला। शहर में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से दहशत फैल गई है। वीरवार सुबह सैन्य क्षेत्र स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल (जूनियर और सीनियर विंग), केंद्रीय विद्यालय-1 सहित केवी-2, केवी-3, केवी-4 और एक अन्य बड़े निजी स्कूल को ईमेल के जरिए विस्फोट की धमकी मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं और सभी संबंधित स्कूलों में जांच अभियान शुरू कर दिया गया।


स्कूलों में चेकिंग, छुट्टी नहीं घोषित
अधिकारियों के अनुसार, अभी तक किसी भी स्कूल को बंद नहीं किया गया है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। बम निरोधक दस्ते और पुलिस टीमों ने स्कूल परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया।


ईमेल में संदिग्ध सामग्री का जिक्र
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में “खालिस्तान जिंदाबाद” जैसे शब्दों के साथ विस्फोट की धमकी का उल्लेख किया गया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।


छावनी क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी
मामला सैन्य क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण आर्मी पब्लिक स्कूल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। सैन्य पुलिस और सेना के जवानों को भी तैनात किया गया है। किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।


साइबर सेल कर रही जांच
साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां उस ईमेल आईडी और सर्वर की जांच में जुटी हैं, जिससे धमकी भेजी गई थी। शुरुआती जांच में इसे दहशत फैलाने की साजिश माना जा रहा है और तकनीकी रूप से लोकेशन ट्रेस की जा रही है।


पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले 26 जनवरी से पहले अंबाला के करीब 15 स्कूलों को इसी तरह की धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में फर्जी पाए गए थे। अब जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या इन घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह सक्रिय है।