कृष्ण कुमार सैनी ,पंचकूला। हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मार्केटिंग बोर्ड के एक अकाउंटेंट को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। मामला पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित मार्केटिंग बोर्ड कार्यालय का है।

बिल पास करने के बदले मांगी थी रिश्वत शिकायतकर्ता हेमंत शर्मा, जो पेशे से एक ठेकेदार हैं, ने ब्यूरो को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उनके लंबित बिलों को पास करने के एवज में डिवीजनल अकाउंटेंट हरदेव सिंह 28,000 रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। आरोपी अधिकारी पहले ही 5,000 रुपये ले चुका था और बाकी के 23,000 रुपये के लिए दबाव बना रहा था।

ACB ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद SV&ACB की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही हरदेव सिंह ने ठेकेदार से 23,000 रुपये की शेष राशि स्वीकार की, सतर्कता विभाग की टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया।

कानूनी कार्रवाई शुरू
इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत थाना SV&ACB पंचकूला में FIR संख्या 06 (दिनांक 06.04.2026) दर्ज कर ली गई है।

भ्रष्टाचार पर ‘जीरो टॉलरेंस’
राज्य सतर्कता ब्यूरो के प्रमुख ने इस कार्रवाई पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी धन का दुरुपयोग या रिश्वतखोरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।