राकेश चतुर्वेदी, भोपाल। मध्य प्रदेश इन दिनों तपिश भरी गर्मी की चपेट में है। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है और कई जिलों में लू जैसी स्थिति बन गई है। छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव प्रदेश के सबसे गर्म स्थानों में रहे। खजुराहो में पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया, जबकि नौगांव में 43.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। रतलाम में 43.2 डिग्री, सतना और टीकमगढ़ में 42.8 डिग्री, दमोह में 42.6 डिग्री और मंडला-रीवा में 42.5 डिग्री तापमान रहा।

वहीं धार, सीधी, रायसेन में 42.4 डिग्री, दतिया-नर्मदापुरम में 42.3 डिग्री, जबकि श्योपुर और शाजापुर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि कुछ इलाकों जैसे मलाजखंड, उमरिया और खरगोन में तापमान अपेक्षाकृत कम 32 डिग्री के आसपास रहा।मौसम विभाग ने आज ग्वालियर और उज्जैन सहित कई जिलों में लू (हीट वेव) का अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में गर्मी का असर ज्यादा है। राजधानी भोपाल समेत अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान 40 डिग्री के ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

सावधानियां और प्रभाव

भीषण गर्मी के कारण स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ गए हैं। डॉक्टरों और प्रशासन की सलाह है कि दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें, खूब पानी पिएं, हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मी और बढ़ सकती है। कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक रहने की संभावना है। रात के तापमान भी ऊंचे बने हुए हैं, जिससे रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है।

स्कूलों पर असर

गर्मी की लहर को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है या ग्रीष्मकालीन छुट्टियां पहले घोषित कर दी गई हैं।मध्य प्रदेश में इस समय गर्मी का पीक चल रहा है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m