पटना। बिहार में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर नीतीश-सम्राट की NDA सरकार ने एक बड़ा सुरक्षा रोडमैप तैयार किया है। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब बिहार में भी मनचलों की खैर नहीं होगी। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ की तर्ज पर ‘अभया ब्रिगेड’ (पुलिस दीदी) को हाईटेक बनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों के बाहर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
4700 वाहनों की खरीद को मिली मंजूरी
महिला सुरक्षा के इस महाभियान को गति देने के लिए बिहार सरकार ने 66.75 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। इस योजना के केंद्र में पुलिस बल की गतिशीलता बढ़ाना है। सरकार कुल 4700 नए वाहन खरीदने जा रही है, ताकि संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की पहुंच आसान हो सके।
वाहनों का वितरण इस प्रकार है:
- 1500 पिंक स्कूटी: विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों (पुलिस दीदी) के लिए।
- 3200 मोटरसाइकिल: त्वरित कार्रवाई के लिए अन्य पुलिस बल के लिए।
- पिंक पेट्रोलिंग: स्कूल-कॉलेज के बाहर ‘सुरक्षा कवच’
इस नई व्यवस्था के तहत ‘पुलिस दीदी’ पिंक स्कूटी के साथ स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के बाहर नियमित गश्त करेंगी। अक्सर छुट्टी के समय छात्राओं के साथ छेड़खानी की शिकायतें मिलती हैं, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया है। महिला पुलिसकर्मी न केवल वर्दी में, बल्कि सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगी ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत नकेल कसी जा सके।
सम्राट चौधरी का ‘योगी स्टाइल’ एक्शन
बिहार की राजनीति में सम्राट चौधरी को उनके कड़े फैसलों के लिए जाना जा रहा है। इससे पहले उन्होंने अतिक्रमण के खिलाफ ‘बुलडोजर मॉडल’ अपनाया था और अब महिला सुरक्षा के लिए ‘योगी मॉडल’ को लागू कर रहे हैं। विधानसभा में उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्राओं को भयमुक्त वातावरण देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उत्तर प्रदेश में 2017 में शुरू हुआ ‘एंटी रोमियो स्क्वाड’ काफी चर्चा में रहा था। अब बिहार में ‘पिंक पेट्रोलिंग’ के जरिए छेड़खानी और उत्पीड़न की घटनाओं पर लगाम लगाने की तैयारी है। यदि यह योजना धरातल पर सही ढंग से लागू होती है, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

