Vaibhav Suryavanshi: आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से छाए युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी इन दिनों मैदान के बाहर भी सुर्खियां बटोर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका मजाकिया और जमीन से जुड़ा अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है।

वायरल वीडियो में वैभव एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में बैठे नजर आ रहे हैं। तभी दो छोटे बच्चे उनके पास आकर सेल्फी लेने की गुजारिश करते हैं। इस पर वैभव मुस्कुराते हुए मजाक में कहते हैं, “भाई मैं फोटो के लिए पैसे लेता हूं, सही बोल रहा हूं… 100 रुपये लगेंगे, दोगे तो बोलो।” अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ तस्वीर खिंचवाने को उत्साहित बच्चों ने तुरंत 200 रुपये निकाल लिए, लेकिन तभी वैभव ने हंसते हुए साफ किया कि वह मजाक कर रहे थे।

इसके बाद उन्होंने बच्चों के साथ बड़े ही स्नेह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। नन्हे फैंस की खुशी देखते ही बन रही थी। सोशल मीडिया पर लोग वैभव के इस व्यवहार को “डाउन टू अर्थ” बताते हुए उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

देखें VIDEO

मैदान पर भी ‘वंडर किड’ का जलवा बरकरार

महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट में तहलका मचा रहे हैं। उन्होंने आईपीएल 2026 में इतिहास रचते हुए टी20 फॉर्मेट में 1000 रन पूरे करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया है।

उनकी सबसे यादगार पारी 25 अप्रैल 2026 को जयपुर में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ आई, जहां उन्होंने महज 36 गेंदों में शतक जड़ दिया। वैभव ने उस मुकाबले में 37 गेंदों पर 103 रनों की तूफानी पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया। SRH के खिलाफ लगाया गया शतक आईपीएल में किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे तेज शतक है। खास बात यह है कि पहले स्थान पर भी वैभव सूर्यवंशी का ही नाम दर्ज है, जिन्होंने आईपीएल 2025 में गुजरात के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक जड़ा था।

फैंस को टीम इंडिया में एंट्री का इंतजार

जिस उम्र में खिलाड़ी क्रिकेट की बुनियादी बातें सीखते हैं, उस उम्र में वैभव ने अपनी पावर-हिटिंग और सूझबूझ से बड़े-बड़े दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। अब फैंस को उस दिन का बेसब्री से इंतजार है, जब यह युवा सितारा टीम इंडिया की नीली जर्सी में नजर आएगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H