MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज बालाघाट जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे कान्हा टाइगर रिजर्व में जंगली भैंसों के पुनर्स्थापन का कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही सड़कों का भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे। वहीं भोपाल में कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे। इसके अलावा राजा हिरदेशशाह लोधी शौर्य दिवस कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे।

CM के आज के कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम डॉ मोहन यादव मंगलवार सुबह 7:50 बजे जबलपुर से टोपला जिला बालाघाट पहुंचेंगे। सुबह 8 बजे टोपला से सुपखार, कान्हा टाइगर रिजर्व के लिए रवाना होंगे। सुबह 8.30 बजे कान्हा टाइगर रिजर्व में जंगली भैंसों के पुनर्स्थापन का कार्यक्रम में भाग लेंगे। सुबह 9.20 बजे टोपला पहुंचेंगे। यहां गढ़ी क्षेत्र की सड़कों का भूमिपूजन-लोकार्पण करेंगे। सुबह 11:55 बजे जबलपुर से भोपाल पहुंचेंगे। दोपहर 12:10 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे। यहां दोपहर 12:30 पर कैबिनेट की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे जंबूरी मैदान में लोधी समाज के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जनगणना में लगे कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक

मध्य प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों से जुड़ी जरूरी खबर है। एमपी में जनगणना में लगे कर्मचारियों की छुट्टी पर रोक लगाई गई है। 1 मई से 30 मई 2026 तक अवकाश पर प्रतिबंध लगाया गया है। विशेष परिस्थितियों में छुट्टी के लिए विभाग के प्रमुख की इजाजत लेनी होगी। आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में 1 मई से जनगणना का पहला चरण शुरू होना है। पहले चरण में मकान सूचीकरण व गणना होगी।

बुधनी में किसान आक्रोश सत्याग्रह

बुधनी में आज किसान आक्रोश सत्याग्रह होगा। जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।

ग्वालियर में रेलवे ट्रैक बाधित

ग्वालियर में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक बाधित हो गई। बताया जा रहा है कि सिथौली रेलवे स्टेशन के पास ओवरलोड डंपर रेलवे क्रॉसिंग पर अचानक बंद हो गया। जिससे सुबह की दर्जनों ट्रेनें प्रभावित हुई। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

1 मई से यूजी-पीजी में एडमिशन

एमपी के सरकारी और निजी कॉलेजों में स्नातक (यूजी) और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। यूजी कोर्स के लिए 1 मई से और पीजी कोर्स के लिए 2 मई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। यह प्रक्रिया 30 जून तक चलेगी।

एग्जीबिशन

मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय, श्यामला हिल्स में प्रदर्शनी लगाई गई है। यह प्रदर्शनी 3 से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगी। जहां पहुंचकर दर्शक पारंपरिक कला और चित्रों का अवलोकन कर सकते हैं। वहीं इन दिनों चतुर्भुज ग्रुप पेंटिंग एग्जीबिशन, आलियांस फ्रांसिस शाहपुरा में चल रही है। सुबह 10 से शाम 7 बजे तक पहुंच सकते हैं।

नाटक

दुष्यंत कुमार संग्रहालय में 4 दिवसीय नाट्य समारोह ‘अंतर्नाद 2026’ आयोजित किया जा रहा है। पहले दिन 27 अप्रैल को दीपक नेमा की लिखित नाटक ‘भोर का गीत’ का मंचन किया गया। निर्देशक उज्ज्वल सिन्हा के निर्देशन में हर दिन एक नई प्रस्तुति दर्शकों के प्रस्तुत की जाएगी।

BU में यूजी प्रथम वर्ष परीक्षा भरने की अंतिम तारीख 4 मई

बरकतुल्ला यूनिवर्सिटी में यूजी फर्स्ट ईयर परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 4 मई कर दी गई है। सर्वर समस्या, संबल योजना रजिस्ट्रेशन और हिंदी जानकारी की कमी से कई छात्र फॉर्म नहीं भर सके थे। अब छात्र फीस भरकर आवेदन कर सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m