MP Morning News: शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज समीक्षा बैठक करेंगे। वे सामाजिक सुरक्षा पेंजन योजना की राशि भी जारी करेंगे। इसके अलावा सीएम आज खरगोन जिले के दौरे पर रहेंगे। जहां वे सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण करेंगे। महेश्वर में गोदा से नर्मदा पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी जलयात्रा में शामिल होंगे।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, सीएम डॉ मोहन यादव आज सुबह 11 मंत्रालय पहुंचेंगे। जहां सुबह 11:15 बजे उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 12:15 बजे सामान्य प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे। दोपहर 1:15 बजे सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की राशि जारी करेंगे। यह कार्यक्रम मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए से होगा। वहीं दोपहर 3:45 बजे भोपाल से खरगोन के लिए रवाना होंगे। जहां वे सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद खरगोन से महेश्वर जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ यादव, महेश्वर में गोदा से नर्मदा पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी जलयात्रा में शामिल होंगे।

कांग्रेस का चक्काजाम

कांग्रेस 7 मई को नेशनल हाईवे पर चक्काजाम करेगी। महाराष्ट्र बॉर्डर से राजस्थान बॉर्डर तक महाचक्का जाम का ऐलान किया है। आगरा बॉम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग पर किसानों के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन होगा। इसके चलते सेंधवा, बड़वानी, खरगोन, धार, देवास, शाजापुर, गुना, राजगढ़, शिवपुरी, मुरैना और ग्वालियर के आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित हो सकता है।

विधायक निर्मला सप्रे मामले में आज फिर होगी सुनवाई

विधायक निर्मला सप्रे के पार्टी बदलने वाले मामले में आज हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। इससे पहले 22 अप्रैल को सुनवाई हुई थी। विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर उमंग सिंघार ने कुछ दस्तावेज दिए थे। सागर के बीना से विधायक निर्मला सप्रे ने कहा है कि मैं अभी भी कांग्रेस में हूं। पिछली सुनवाई में विधायक के बयान को हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड में लिया था। वहीं नेता प्रतिपक्ष ने विधायक निर्मला सप्रे पर बीजेपी में शामिल होने के आरोप लगाए है। उमंग सिंघार ने मई 2024 में स्पीकर को चिट्ठी लिख निर्मला सप्रे की सदस्यता रद्द करने की मांग की है। स्पीकर की ओर से कोई निर्णय न होने पर उमंग सिंघार ने कोर्ट में याचिका दायर की थी।

अतिथि शिक्षकों का प्रदर्शन

राजधानी भोपाल में आज अतिथि शिक्षक अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करेंगे। यह प्रदर्शन स्कूल अतिथि शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले भोपाल के अंबेडकर पार्क में दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। संगठन का कहना है कि सरकार की ओर से किए गए वादे अब तक पूरे नहीं हुए, जिससे हजारों शिक्षकों में असंतोष है।

विश्व नृत्य दिवस

भोपाल में आज 29 अप्रैल को ‘विश्व नृत्य दिवस’ के अवसर पर एक विशेष नृत्य संध्या का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम कला और संस्कृति को समर्पित संस्था संस्कार भारती की भोपाल नगर इकाई की ओर से किया जा रहा है। जिसमें फिल्मी थीम पर आधारित विभिन्न नृत्य समूह रंगारंग प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6 बजे से मानस भवन में होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m