हिमाचल प्रदेश में भीषण सड़क हादसा हुआ है। जानकारी के अनुसार, राज्य के ऊना जिले के चिंतपूर्णी के भरवाई इलाके में एक कार 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई है। कार के खाई में गिरने के बाद इसमें आग लग गई जिस कारण कार में सवार चार लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है।

कार में सवार थे श्रद्धालु

हादसे का शिकार हुई कार पंजाब के लुधियाना के नंबर से रजिस्टर थी। फिलहाल, कार सवारों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मौके पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, ये श्रद्धालुओं की कार थी और इसमें चार लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी जयराम शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि जहां से हादसा हुआ है, वो ब्लैक स्पॉट था और यहां पर सड़क का एक हिस्सा टूटा हुआ था, जहां से नीचे गहरी खाई मौजूद है।

टायर फटने के बाद हादसा

घटना के बाद मौके पर दमकल विभाग की गाड़ी भी पहुंची थी। घटना स्थल पर मिली गाड़ी की नंबर प्लेट पर लुधियाना का नंबर अंकित है। बताया जा रहा है कि गाड़ी का टायर फटने के बाद यह हादसा हुआ। टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी और फिर उसमें आग लग गई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m