Bihar Top News Today 01 may 2026: बिहार (BIHAR) में आज 01 मई को क्या कुछ खास रहा? कहां कौन सी घटना घटी? किस नेता के बयान से सियासत गरमाई? अगर आप से जरूरी खबरें छूट गई हैं तो लल्लूराम डॉट कॉम (Lalluram.com) पर एक क्लिक में पढ़ सकते हैं. आइए एक नजर डालते हैं अब तक की बड़ी खबरों पर…
नए बंगले में शिफ्ट हुए नीतीश कुमार
पटना। बिहार की सियासत में एक बड़े युग का स्थान परिवर्तन हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले दो दशकों से सत्ता का केंद्र रहे ‘1 अणे मार्ग’ को छोड़कर अब ‘7 सर्कुलर रोड’ स्थित अपने नए आशियाने में शिफ्ट हुए। पिछले 20 वर्षों से बिहार की राजनीति का सबसे महत्वपूर्ण पता ‘1 अणे मार्ग’ रहा है। शुक्रवार सुबह से ही यहां हलचल तेज है। ट्रैक्टरों के जरिए टेबल, कुर्सी, गमले और फोल्डिंग स्टैंड जैसे घरेलू सामान नए आवास की ओर भेजे जा रहे हैं। यह बंगला केवल एक आवास नहीं, बल्कि बिहार के दो दशक के इतिहास और बड़े नीतिगत फैसलों का गवाह रहा है।
10 जिलों में बारिश, गोपालगंज अस्पताल में भरा पानी
Weather update: बिहार में प्री-मानसून की सक्रियता ने मौसम का नक्शा बदल दिया है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश दर्ज की गई है। जहां इस बदलाव से तपती गर्मी से राहत मिली है, वहीं जान-माल का भारी नुकसान भी हुआ है। मौसम विभाग ने आगामी 2 मई तक राज्य के 33 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
BPSC ने फिर लागू किया E विकल्प वाला नियम
पटना। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने राज्य की प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता और पारदर्शिता को बढ़ाने के लिए एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। आयोग द्वारा लिए गए ताजा निर्णय के अनुसार, अब आगामी सभी वस्तुनिष्ठ (MCQ) परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को प्रत्येक प्रश्न का उत्तर देना अनिवार्य होगा। इस नई व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक अनुशासित और पारदर्शी बनाना है।
अब तक BPSC की परीक्षाओं में केवल चार विकल्प (A, B, C, D) दिए जाते थे, जिनमें से अभ्यर्थी अपनी पसंद का उत्तर चुनते थे। यदि किसी छात्र को उत्तर नहीं पता होता था, तो वे उस प्रश्न को खाली छोड़ देते थे। लेकिन अब, प्रश्न पत्र में पांच विकल्प होंगे। पांचवां विकल्प ‘E’ होगा, जिसका अर्थ है प्रयास नहीं किया गया।
नियम के मुताबिक, यदि आपको प्रश्न का उत्तर पता है, तो आप A, B, C या D में से सही विकल्प चुनेंगे। लेकिन यदि आप उस प्रश्न का उत्तर नहीं देना चाहते, तो आपको अनिवार्य रूप से ‘E’ विकल्प के गोले को भरना होगा।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को बताया मुल्ला
पटना। बिहार की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा पंचायतों में ‘सहयोग शिविर’ लगाने के ऐलान पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। बिहार कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने मुख्यमंत्री की तुलना एक विवादित कहावत से करते हुए उन्हें ‘नया मुल्ला’ करार दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने तंज कसते हुए कहा, एक पुरानी कहावत है कि नया मुल्ला प्याज अधिक खाता है। सम्राट चौधरी अभी नए-नए मुख्यमंत्री बने हैं, इसलिए वह कुछ दिनों तक इसी तरह के दिखावे वाले फैसले लेंगे और ‘प्याज’ अधिक खाएंगे। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में मंत्रियों और अधिकारियों को भेजने का ऐलान केवल जनता को गुमराह करने का एक तरीका है। तिवारी ने नीतीश कुमार के पिछले प्रयोगों का हवाला देते हुए कहा कि जनता अधिकारियों के दरवाजे पर माथा रगड़कर थक गई, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला।
ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे
मुजफ्फरपुर। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला अहियापुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक अनियंत्रित बस ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ई-रिक्शा के न केवल परखच्चे उड़ गए, बल्कि उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
बांका में 7 वर्षीय बच्चे का शव पोखर से मिला
बांका। जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां कटोरिया थाना क्षेत्र के बंगालगढ़ गांव में एक 7 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुरुवार शाम से लापता बालक का शव शुक्रवार को गांव के ही एक पोखर से बरामद किया गया। इस घटना के बाद से मृतक के घर में चीख-पुकार मची है और पूरे क्षेत्र में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक बालक की पहचान बंगालगढ़ निवासी प्रेम शंकर दास के पुत्र प्रियांशु कुमार (7 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रियांशु गुरुवार की शाम को रोज की तरह घर से बाहर खेलने के लिए निकला था। जब अंधेरा होने के बाद भी वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने देर रात तक आसपास के इलाकों और संभावित जगहों पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन प्रियांशु का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। थक-हारकर परिजनों ने मामले की सूचना कटोरिया थाना पुलिस को दी और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
हेड मास्टर ने डांसर पर लुटाया पैसा
बेगूसराय। शहर के एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मर्यादा और अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले गुरुजी जब मंच पर ठुमकों के बीच नोट उड़ाते नजर आए, तो शिक्षा विभाग के साथ-साथ आम जनता भी हैरान रह गई। बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल इलाके में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। इस कार्यक्रम में ‘उत्क्रमित मध्य विद्यालय, न्यू जाफर नगर’ के प्रधानाध्यापक सुनील कुमार भी अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। हालांकि, संगीत की धुन और डांसर के ठुमकों को देखकर हेडमास्टर साहब अपनी मर्यादा भूल गए। वे न केवल मंच पर चढ़े, बल्कि बीच मंच पर कुर्सी लगाकर बैठ गए और डांसर पर नोटों की गड्डी से रुपए लुटाने लगे।
युवक को किया डिजिटल अरेस्ट
मुजफ्फरपुर। जिले में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर खौफ का नया तरीका अपनाते हुए एक व्यक्ति को ‘डिजिटल अरेस्ट’ का शिकार बनाया। ठगों ने खुद को पुलिस और सीबीआई (CBI) अधिकारी बताकर भोला प्रसाद महतो से करीब 17 लाख रुपये की मोटी रकम उनके बैंक अकाउंट से ट्रांसफर करवा ली। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को दबोच लिया है।
बेटियां जब तक घर नहीं पहुंचेंगी, पुलिस जागती रहेगी
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नालंदा के परनावा में आयोजित राजकीय मेले के दौरान राज्य के विकास के लिए एक दूरदर्शी खाका पेश किया। उनके संबोधन में शिक्षा, रोजगार और सुरक्षा को लेकर कई क्रांतिकारी घोषणाएं शामिल थीं।
कानून-व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। उन्होंने पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए कि जब तक बेटियां सुरक्षित घर न पहुंचें, तब तक प्रशासन मुस्तैद रहे। साथ ही, भ्रष्टाचार और लालफीताशाही पर लगाम लगाने के लिए 19 मई से हर पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे, जहां ब्लॉक और थाना स्तर की शिकायतों का मौके पर ही निपटारा होगा।
भागलपुर एनकाउंटर की कहानी निकली झूठी!
भागलपुर। बिहार के चर्चित पीसीएस अधिकारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी रामधनी यादव के एनकाउंटर ने अब एक नया और विवादित मोड़ ले लिया है। इस एनकाउंटर की विश्वसनीयता पर न केवल सवाल उठ रहे हैं, बल्कि पुलिस की पूरी कार्यप्रणाली ही कटघरे में बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शी बहू का दावा है कि थाने के भीतर ही उनके ससुर के साथ हाथापाई की गई और उस वक्त वे पूरी तरह निहत्थे थें। इसके बाद पुलिस उन्हें थाने के पिछले हिस्से में ले गई, जहां गोली मारकर उनकी जीवनलीला समाप्त कर दी गई। बेबी कुमारी ने एक और सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि, जिस वक्त यह पूरी घटना हुई, थाने के सीसीटीवी कैमरे रहस्यमयी तरीके से बंद कर दिए गए थे।
बेबी कुमारी का दावा है कि उनके ससुर रामधनी यादव को जबरन थाने के एक ऊपरी कमरे में कैद रखा गया था, जहां की खिड़की से उन्होंने उन्हें ले जाते हुए देखा था। पुलिस ने इस पूरी घटना को बाद में एक बाहरी मुठभेड़ का रंग देने का प्रयास किया।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

