पटना। शहर को स्वच्छ और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने ‘हाइटेक सिविक सर्विसेज सर्विलांस एंड मॉनिटरिंग प्रोजेक्ट’ की घोषणा की है। अब शहर की सड़कों पर कचरा फेंकना या अवैध कब्जा करना लोगों को भारी पड़ सकता है, क्योंकि अब एआई (AI) तकनीक के जरिए सीधे चालान काटने की तैयारी है।
19 ई-बाइक और 4K कैमरों से लैस होगा ‘नगर नेत्र’
इस परियोजना के तहत 19 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर गाड़ियां खरीदी जा रही हैं, जिन्हें ‘नगर नेत्र’ नाम दिया गया है। ये गाड़ियां पटना नगर निगम के सभी 75 वार्डों में तैनात की जाएंगी। सुरक्षा और निगरानी को पुख्ता करने के लिए इन वाहनों पर हाई-रेजोल्यूशन वाले 4K डैशकैम लगाए जाएंगे, जो 110 डिग्री के वाइड एंगल पर रिकॉर्डिंग करने में सक्षम होंगे। जीपीएस (GPS) तकनीक से लैस ये कैमरे किसी भी नागरिक समस्या की सटीक लोकेशन तुरंत कंट्रोल रूम को भेज देंगे।
AI तकनीक से खुद जनरेट होगा चालान
इन गाड़ियों से प्राप्त डेटा का विश्लेषण करने के लिए ICCC भवन में एक ‘सेंट्रल सिविक सर्विसेज ऑपरेशंस सेंटर’ (C-SOC) स्थापित किया जाएगा। यहां का स्मार्ट AI इंजन सड़कों पर कचरे के ढेर, खुले मैनहोल, खराब स्ट्रीट लाइट, गड्ढों और लावारिस पशुओं की पहचान करेगा। यदि कहीं 1 मीटर से बड़ा कचरे का ढेर या 10 इंच से बड़ा गड्ढा मिलता है, तो सिस्टम स्वतः उसका स्क्रीनशॉट लेकर रिपोर्ट तैयार कर देगा। इतना ही नहीं, अवैध विज्ञापनों और होर्डिंग्स के मामले में यह सिस्टम संभावित चालान राशि की गणना भी खुद कर सकेगा।
5G तकनीक और डेटा ट्रांसफर
निगरानी को रियल-टाइम बनाने के लिए डैशकैम से डेटा ट्रांसफर हेतु 5G सिम और वाई-फाई तकनीक का उपयोग किया जाएगा। परियोजना के दूसरे चरण में इसे ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम के कचरा ढोने वाले वाहनों से भी जोड़ने की योजना है। भविष्य में यह सिस्टम टूटे हुए डिवाइडर और धुंधली रोड मार्किंग की भी पहचान करेगा।
बजट और समय सीमा
इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 8.95 करोड़ रुपये है। इसे नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। संचालन के लिए 27 लोगों की एक विशेष टीम तैनात की जाएगी, जिसमें प्रोजेक्ट डायरेक्टर और ड्राइवरों की टीम शामिल होगी। प्रोजेक्ट को सफलतापूर्वक चलाने के लिए ICCC में गाड़ियों का चार्जिंग हब भी बनाया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

