पानीपत। पानीपत के रिसालू रोड स्थित लक्ष्य टेक्सटाइल मिल में रविवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए सोनीपत, करनाल, समालखा, एनएफएल और रिफाइनरी से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा।
शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
मिल प्रबंधन और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के समय खराब मौसम के कारण बिजली बार-बार जा रही थी, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। फैक्ट्री में धागा और कच्चा माल होने के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
रात 2:30 बजे लगी थी आग, सुबह तक चला आग बुझाने का सिलसिला
फायरमैन अमित गोस्वामी ने बताया कि आग करीब रात 2:30 बजे लगी थी, जिसे सुबह लगभग 9:30 बजे तक कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया जा सका। इस दौरान कुल 52 से अधिक दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने में हिस्सा लिया।
आग की चपेट में आने से फैक्ट्री का ऊपरी हिस्सा भी ढह गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

