अजय सैनी, भिवानी। प्रेमनगर गांव में रविवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। शमशान घाट और स्टेडियम की लंबी दीवारें गिर गईं, जबकि कई घरों की छतें उड़ गईं।
तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़े पेड़ भी उखड़ गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
गांव के सरपंच राजेश कुमार ने बताया कि स्टेडियम की करीब 300 मीटर और शमशान घाट की लगभग 200 मीटर दीवार पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
तूफान के दौरान ग्रामीणों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रभावित परिवारों से मुआवजे की मांग
सरपंच राजेश कुमार ने कहा कि तेज तूफान के कारण स्टेडियम और शमशान घाट की चारदीवारी के साथ कई घरों को नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाए और सार्वजनिक निर्माण के पुनर्निर्माण के लिए विशेष बजट जारी किया जाए।
प्रशासन से मुआवजा व पुनर्निर्माण के लिए बजट की मांग की
ग्राम विकास एवं शिक्षा समिति के प्रेस प्रवक्ता रमेश बूरा ने बताया कि अचानक आए तूफान ने लोगों में भय पैदा कर दिया। कई परिवारों ने पहले ही सुरक्षित स्थानों पर जाकर अपनी जान बचाई। उन्होंने भी सरकार और प्रशासन से मुआवजा व पुनर्निर्माण के लिए बजट की मांग की है।

