असम विधानसभा चुनाव के नतीजों में BJP गठबंधन ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 126 में से 101 सीटों पर बढ़त बना ली है. वहीं, कांग्रेस गठबंधन मात्र 21 सीटों पर सिमटता नजर आ रहा है. इन रुझानों ने राज्य में एक बार फिर हिमंता बिस्वा सरमा की सत्ता में वापसी पर मुहर लगा दी है. बीजेपी की इस आंधी में गौरव गोगोई भी उड़ गए हैं. असम में जोरहाट विधानसभा सीट पर कुल 14 दौर की मतगणना के बाद गौरव गोगोई 23000 से ज्यादा वोटों से हार चुके हैं. जोरहाट से पांच बार विधायक रह चुके हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने यहां जीत का परचम लहराया हैं. बीजेपी के गोस्वामी ने 69439 वोट हासिल किया हैं.

हिमंता ने हासिल की शानदार जीत

वहीं जालुकबारी की तो यहां सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की एकतरफा बढ़त जारी है. असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा जालुकबारी सीट पर 80000 से अधिक वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं. हिमंता की जीत तय मानी जा रही है. वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार विदिशा नेगी मात्र 32087 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. इस सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है और हिमंत बिस्वा सरमा यहां से 25 साल से विधायक हैं, लेकिन इस बार नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.

पिछले चुनाव में बीजेपी की सीटें?

असम विधानसभा चुनाव 2021 की बात करें तो बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन ने 75 सीटें जीतकर सत्ता में शानदार वापसी की थी. बीजेपी ने अकेले 60 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगी दलों में असम गण परिषद (AGP) को 9 और यूनाइटेड पीपल्स पार्टी लिबरल (UPPL) को 6 सीटें मिली थीं.

दूसरी ओर, कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन ‘महाजोत’ ने कड़ी टक्कर देने की कोशिश की थी. तब विपक्ष को कुल 50 सीटों पर संतोष करना पड़ा था, जिसमें कांग्रेस ने 29 सीटें जीती थीं. कांग्रेस के साथ चुनाव लड़ी बदरुद्दीन अजमल की पार्टी AIUDF को 16 सीटें मिली थीं, जबकि बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) ने 4 और सीपीएम (CPI-M) ने 1 सीट पर जीत हासिल की थी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m