अनिल शर्मा, अंबाला। अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र के गांव अधोया स्थित दक्षिणमुखी श्री पंचमुखी हनुमान एवं खाटूश्याम जी मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के छठे दिन सोमवार को श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। कथा वाचन वृंदावन धाम से पधारे स्वामी अनंत गिरी जी महाराज द्वारा किया जा रहा है।


वैदिक विधि से हुई विवाह की विधि
कथा के दौरान स्वामी जी ने भगवान श्रीकृष्ण की नागलीला का विस्तारपूर्वक वर्णन करते हुए उनकी दिव्य लीलाओं का मनमोहक चित्र प्रस्तुत किया। उन्होंने गोपेश्वर महादेव की कथा भी सुनाई और बताया कि भगवान शिव ने गोपी रूप धारण कर रास लीला में सहभाग किया था।
इसके साथ ही श्रीकृष्ण-रुक्मणी विवाह प्रसंग को अत्यंत भव्य रूप से प्रस्तुत किया गया, जिसमें वैदिक विधि से विवाह रस्में संपन्न कराई गईं। श्रद्धालुओं ने कन्यादान कर धार्मिक पुण्य लाभ प्राप्त किया।


गोपियों के विरह का मार्मिक वर्णन
कथा के दौरान गोपियों के विरह का मार्मिक वर्णन भी किया गया, जिसमें बताया गया कि श्रीकृष्ण के मथुरा प्रस्थान के बाद ब्रज की गोपियां अत्यंत व्यथित हो गईं और उन्होंने अन्न-जल तक का त्याग कर दिया।


कार्यक्रम में आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। आयोजन समिति के अनुसार कथा का समापन मंगलवार, 5 मई को होगा, जिसके उपरांत प्रातः हवन, भजन-कीर्तन तथा दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति की उपस्थिति रही, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया।