प्रवीण कुमार ,हिसार। में देर रात आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। अचानक बदले मौसम ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। बिजली विभाग के अनुसार करीब 444 बिजली के पोल गिर गए, जबकि कई जगह ट्रांसफॉर्मर भी जमीन पर गिर पड़े, जिससे शहर और गांवों में बिजली सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई।


तेज हवाओं और बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। अग्रोहा क्षेत्र में भी भारी बारिश और ओले गिरने से सड़कों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

कई पेड़ उखड़कर सड़कों पर
आंधी के कारण कई पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात शहर की तुलना में अधिक खराब बताए जा रहे हैं। मौसम विशेषज्ञ, एचएयू के विभागाध्यक्ष डॉ. एम.एल. खिचड़ के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना बनी हुई है और 7 मई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को मिली राहत
वहीं, खराब मौसम का असर रेल यातायात पर भी पड़ा। हिसार-राजगढ़ ट्रैक पर बाधा आने के कारण हिसार-जोधपुर ट्रेन करीब 15 मिनट देरी से चली।स्थानीय निवासी राधेश्याम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी, लेकिन बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को राहत मिली है और मौसम फिलहाल सुहावना बना हुआ है।