पटना। बिहार के परसा थाना क्षेत्र का एक मामला राज्य महिला आयोग के सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने पति के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तलाक की गुहार लगाई है। आवेदिका का आरोप है कि उसका पति न केवल शराब का आदी है, बल्कि वह नशीली दवाएं खाकर शारीरिक संबंध बनाता है और विरोध करने पर बेरहमी से मारपीट करता है।
शादी के बाद खुला राज: धोखे में रखकर हुआ था विवाह
पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी वर्ष 2015 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसका पति नशे का पुराना आदी है। ससुराल वालों ने विवाह से पूर्व यह सच छिपाया था कि उनके बेटे को नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा जा चुका है। शादी के एक साल बाद पति ने दोबारा नशा शुरू कर दिया। वह रोज रात शराब के नशे में घर लौटता, मारपीट करता और अगली सुबह ‘गलती हो गई’ कहकर माफी मांग लेता।
चरित्र पर सवाल और अवैध संबंधों का आरोप
महिला ने शिकायत में बताया कि उसके पति के अपनी ही कंपनी की महिला कर्मचारियों के साथ अवैध संबंध हैं। उसके अनुसार, पति ने कई लड़कियों के साथ अनैतिक रिश्ते रखे हैं, जिसकी जानकारी ससुराल वालों को भी है, लेकिन उन्होंने हमेशा अपने बेटे का ही पक्ष लिया। इतना ही नहीं, पति उस पर कड़ी निगरानी रखता था और घर के गार्ड को उस पर नजर रखने के निर्देश देता था।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर: घर छोड़ पहुंची मायके
महिला ने बताया कि उसकी एक 11 साल की बेटी और 5 साल का बेटा है। उसे डर है कि नशे की हालत में उसका पति अपनी ही जवान होती बेटी के साथ कोई अनहोनी न कर दे। इसी असुरक्षा की भावना के कारण वह बच्चों को लेकर मायके चली गई। वर्तमान में वह खुद भी पढ़ाई कर रही है और BPSC की तैयारी के साथ बच्चों का भविष्य संवारने में जुटी है।
पति की गुहार और महिला आयोग का हस्तक्षेप
दूसरी ओर, पति ने आयोग के समक्ष अपनी गलतियां स्वीकार की हैं। उसने शराब, मारपीट और जबरन संबंधों की बात मानते हुए सुधार का एक अंतिम मौका मांगा है। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दोबारा घर बसाना चाहता है।
बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष प्रो. अप्सरा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता दी है। हालांकि पत्नी साथ रहने को तैयार नहीं थी, लेकिन आयोग ने पति को सुधरने का एक अवसर देते हुए महिला को साथ रहने का निर्देश दिया है। पत्नी को हर सप्ताह आयोग आकर अपनी स्थिति की रिपोर्ट देनी होगी, जिसके आधार पर भविष्य का फैसला लिया जाएगा।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

