ज्ञान भारद्वाज, गाजियाबाद. रजापुर गांव में दर्ज छेड़खानी का मामला अब उलझता नजर आ रहा है. गांव के निवासी बबल चौधरी पर एक नाबालिग से छेड़छाड़ का आरोप लगने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया, लेकिन इस बीच शिकायतकर्ता परिवार के अचानक गायब हो जाने से पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया है. घर पर ताला लटका मिलने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

ग्रामीणों का दावा है कि आरोप लगाने वाला परिवार पहले भी इस तरह के मामलों में कई लोगों को निशाना बना चुका है और उन पर ठगी के आरोप भी लगते रहे हैं. ऐसे में स्थानीय लोग इस पूरे मामले की गहराई से जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके.

इसे भी पढ़ें : हादसे ने छीन ली परिवार की खुशियां : अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी ठोकर, गाड़ी के उड़े परखच्चे, 2 मौत

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में केवल आरोप के आधार पर कार्रवाई करना कितना उचित है. लोगों का कहना है कि पुलिस को निष्पक्ष और ठोस जांच करनी चाहिए, जिससे न तो किसी पीड़ित के साथ अन्याय हो और न ही किसी निर्दोष को बेवजह परेशानी उठानी पड़े। अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर बनी हुई है.