Rajasthan Local Body Election: राजस्थान में स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव की तैयारियां तेज होने के साथ ही बीजेपी ने चुनावी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। सोमवार को जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पंचायत और निकाय चुनाव को लेकर अहम बैठक हुई। इसमें केंद्रीय टीम के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन के करीब 50 वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक में उम्मीदवारों के चयन, संगठन की सक्रियता और स्थानीय चुनावी रणनीति पर मंथन हुआ। इस दौरान GenZ यानी नई पीढ़ी के मतदाताओं, युवा चेहरों और महिलाओं पर विशेष फोकस की रणनीति सामने आई।

केंद्रीय टीम ने प्रदेश संगठन के साथ किया मंथन

बैठक में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी मुख्य चुनाव प्रभारी के तौर पर शामिल हुए। उनके साथ सह-प्रभारी चंद्रशेखर बावनकुले, रविंदर इंद्राज सिंह, संगीता यादव, गजेंद्र सिंह पटेल और रोहन गुप्ता भी मौजूद रहे।

बैठक में पंचायत और निकाय चुनाव की तैयारियों के साथ संभावित उम्मीदवारों और स्थानीय स्तर पर संगठन की स्थिति पर चर्चा हुई। अलग-अलग संभागों से चुनावी तैयारियों और संभावित उम्मीदवारों को लेकर फीडबैक भी लिया गया।

बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल, प्रदेश चुनाव समन्वय समिति, संभाग चुनाव प्रभारी और सह प्रभारी सहित करीब 50 वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

स्थानीय पकड़ और छवि होगी टिकट का आधार

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी जन अपेक्षाओं के अनुरूप उम्मीदवारों का चयन करेगी। जिस व्यक्ति की अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ है, जिसकी छवि अच्छी है और जो सेवा की भावना के साथ राजनीति में सक्रिय है, उसे चुनाव में अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में किसी तरह का पक्षपात या भेदभाव नहीं होगा। उम्मीदवार तय करते समय संबंधित वार्ड या क्षेत्र का आरक्षण, स्थानीय समीकरण और जीत की संभावना को ध्यान में रखा जाएगा। पार्टी ऐसे प्रत्याशियों को प्राथमिकता देने की तैयारी में है, जिनकी स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ हो और जो जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे हों।

GenZ और युवा चेहरों पर BJP का फोकस

स्थानीय निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा की रणनीति में युवा चेहरों को खास महत्व दिया जा रहा है। पार्टी स्थानीय स्तर पर सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं और नई पीढ़ी के प्रभावी चेहरों को चुनावी जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है।

बैठक में GenZ मतदाताओं की सोच, उनकी प्राथमिकताओं और स्थानीय मुद्दों को चुनावी रणनीति में शामिल करने पर भी जोर दिया गया। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय युवा कार्यकर्ताओं को चुनाव अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका देने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

महिलाओं को भी टिकट में प्राथमिकता

भाजपा की चुनावी रणनीति में महिलाओं को भी प्रमुख स्थान दिया गया है। मदन राठौड़ ने कहा कि आरक्षित महिला सीटों पर महिलाओं को ही मौका दिया जाएगा। इसके अलावा प्रभावी महिला नेताओं को सामान्य सीटों से भी चुनाव लड़ाने पर पार्टी विचार कर सकती है।

पार्टी ऐसे महिला उम्मीदवारों पर जोर देगी, जिनकी क्षेत्र में सामाजिक सक्रियता और स्वीकार्यता मजबूत है। इसके जरिए महिला मतदाताओं के साथ महिला कार्यकर्ताओं की चुनावी भूमिका को भी मजबूत करने की तैयारी है।

सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की तैयारी

मदन राठौड़ ने कहा कि उम्मीदवारों में युवा, महिलाएं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। टिकट वितरण में सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ जीत की संभावना को भी ध्यान में रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी ऐसे उम्मीदवारों को आगे लाना चाहती है, जो स्थानीय स्तर पर जनता के बीच लगातार सक्रिय रहे हैं और क्षेत्र की समस्याओं से जुड़े हुए हैं। बैठक में अलग-अलग संभागों की चुनावी स्थिति और संगठन की तैयारियों की समीक्षा की गई। संभाग चुनाव प्रभारियों और सह प्रभारियों से उनके क्षेत्रों की स्थिति को लेकर जानकारी ली गई।

पढ़ें ये खबरें