अजय शास्त्री, बेगूसराय। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र स्थित सिकंदरपुर गांव में मंगलवार की देर शाम 24 वर्षीय एक युवक की लाठी-डंडों और चाबुक से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बदमाशों ने शव को गांव के पास ही स्थित एक बगीचे में लाकर फेंक दिया। मृतक की पहचान सिकंदरपुर निवासी रामप्रताप राय के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और भारी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए।
क्रूरता की हदें पार: शरीर पर मिले गहरे जख्म
सूचना मिलते ही मुफस्सिल पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। मृतक के हाथ-पैर रस्सी या किसी चीज से बंधे हुए थे और उसकी पीठ तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर लाठी-डंडों एवं चाबुक से पीटे जाने के गंभीर निशान मौजूद थे। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि राहुल को पहले बंधक बनाया गया और फिर अधमरा होने तक निर्दयता से पीटा गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जिस बगीचे से लाश बरामद हुई है, वहां अक्सर असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है।


नशे की लत और पारिवारिक विवाद बना जानलेवा?
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक राहुल कुमार गांजा और स्मैक जैसे जानलेवा नशे का आदी था और चोरी के दो मामलों में पहले भी जेल जा चुका था। वहीं, उसका छोटा भाई अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा हुआ था। घटना से कुछ ही देर पहले राहुल का अपने छोटे भाई के साथ किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हुआ था। ग्रामीणों के इस अहम इनपुट के आधार पर जब पुलिस राहुल के घर पहुंची, तो उसका छोटा भाई घर से फरार मिला। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि क्या पारिवारिक या कारोबारी रंजिश में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय, मुफस्सिल इंस्पेक्टर अरविंद कुमार गौतम और थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रात का अंधेरा होने के कारण पुलिस अधिकारियों ने टॉर्च और मोबाइल फ्लैश की रोशनी में पूरे बगीचे का चप्पा-चप्पा छाना। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल को क्राइम सीन टेप से सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं, और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया है।
सदर-वन डीएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद और मारपीट से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस मृतक और उसके परिवार की पृष्ठभूमि की भी बारीकी से पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा हो जाएगा, और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


