कुंदन कुमार, पटना। TRE-4 भर्ती से जुड़े मांगों को लेकर पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार के छात्रों को भड़काने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि, तेजस्वी यादव ये बता दें कि साढ़े तीन साल वो सरकार का हिस्सा रहे थे। छात्रों के हित में उन्होंने क्या- क्या काम किए थे? उन्होंने कहा कि, हमारी सरकार छात्र हित में कार्य कर रही है और छात्रों के लिए हमारा दरवाजा हमेशा खुला रहता है।
छात्रों के समर्थन में गर्दनीबाग पहुंचे थे तेजस्वी
गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को तेजस्वी यादव गर्दनीबाग पहुंचे थे, जहां उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों को अपना समर्थन देते हुए कहा था कि उनकी मांगें जायज हैं। सरकार को उनकी मांगे पूरी करनी होगी। तेजस्वी ने इस दौरान शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी पर भी निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि, बिहार के शिक्षा मंत्री के चेहरे पर पड़े अहंकार के पर्दे ने उन्हें मतिभ्रमित कर दिया है जिससे उन्हें छात्रों की ताकत दिखाई और सुनाई नहीं दे रही।
शिक्षा मंत्री को बताया घमंडी
तेजस्वी ने आगे कहा कि, घमंडी शिक्षा मंत्री छात्रों को ललकारते हुए कह रहे हैं कि , “हमसे इस्तीफ़ा ले लेगा छात्र, हमको जानता नहीं है।” यही बात तो आपके दिल्ली में बैठे आका देश के शिक्षा मंत्री के बारे में कहते थे, अब कहाँ है वो? कान खोलकर सुन लीजिए मिस्टेक से मंत्री बने मिथलेश तिवारी जी, “छात्र इस देश की रीढ़ है। जो छात्र कहेंगे, वही सुनना पड़ेगा, करना पड़ेगा। अन्यथा हमें सुनाना और कराना आता है। समझ गए ना!
छात्रों के समर्थन में तेजस्वी यादव की मांग
- 𝐁𝐏𝐒𝐂 द्वारा आयोजित 𝐀𝐄𝐃𝐎, 𝐒𝐚𝐧𝐢𝐭𝐚𝐫𝐲 सहित विभिन्न रद्द परीक्षाओं की उच्चस्तरीय जाँच करा कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
- 𝐁𝐒𝐒𝐂 द्वारा आयोजित 𝐈𝐧𝐭𝐞𝐫𝐦𝐞𝐝𝐢𝐚𝐭𝐞, 𝐂𝐆𝐋, 𝐀𝐒𝐎, 𝐁𝐒𝐎 सहित लंबित परीक्षाएं यथाशीघ्र आयोजित की जाए।
- 𝐓𝐑𝐄-𝟒 की भर्ती प्रक्रिया में पूर्व की परीक्षाओं के अनुरूप एकल परीक्षा और “𝐎𝐧𝐞 𝐂𝐚𝐧𝐝𝐢𝐝𝐚𝐭𝐞, 𝐎𝐧𝐞 𝐑𝐞𝐬𝐮𝐥𝐭” की व्यवस्था लागू की जाए।
- 𝐂𝐁𝐒𝐄 की सभी भर्ती प्रक्रियाओं में परीक्षा के बाद 𝐐𝐮𝐞𝐬𝐭𝐢𝐨𝐧 𝐏𝐚𝐩𝐞𝐫, 𝐀𝐧𝐬𝐰𝐞𝐫 𝐊𝐞𝐲 एवं 𝐎𝐌𝐑 𝐒𝐡𝐞𝐞𝐭 , उपलब्ध कराई जाए।
- 𝐋𝐢𝐛𝐫𝐚𝐫𝐢𝐚𝐧 और लंबित लेखपाल भर्ती को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
- भर्ती परीक्षा का 𝐀𝐧𝐧𝐮𝐚𝐥 𝐂𝐚𝐥𝐞𝐧𝐝𝐞𝐫 जारी किया जाए।
- 𝐏𝐚𝐩𝐞𝐫 𝐋𝐞𝐚𝐤, परीक्षा में धांधली, 𝐂𝐡𝐞𝐚𝐭𝐢𝐧𝐠 और 𝐒𝐞𝐭𝐭𝐢𝐧𝐠 के खिलाफ कठोर कारवाई की जाए।
- दारोगा भर्ती परीक्षा को पारदर्शिता के साथ आयोजित कर परीक्षा समाप्ति उपरांत प्रश्नपत्र, उतर-कुंजी एवं 𝐎𝐌𝐑 𝐒𝐡𝐞𝐞𝐭 अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जाए।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि, सरकार को अंहकार त्याग, छात्रों की सभी मांगों का अविलंब संज्ञान लेकर समाधान करना चाहिए। हम छात्रों और युवाओं के संघर्ष में जमकर और डटकर उनके साथ खड़े है और न्याय मिलने तक लड़ेंगे।
ये भी पढ़ें- ‘पहले प्रियंका गांधी को आगे बढ़ाकर दिखाएं’, राहुल गांधी के बयान पर मिथिलेश तिवारी का पलटवार

