Rajasthan Nikay Chunav 2026: राजस्थान में चल रहे नगर निकाय चुनाव 2026 के बीच अजमेर जिले के किशनगढ़ से दुखद खबर सामने आई है। किशनगढ़ नगर परिषद के वार्ड नंबर 37 के पूर्व पार्षद रिखब चंद रील का मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने सोमवार को ही नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। अगले ही दिन सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनकी मौत हो गई। शुरुआती जानकारी में हृदयाघात को मौत का कारण बताया जा रहा है।

नामांकन के बाद समर्थकों में था उत्साह
रिखब चंद रील वार्ड 37 के पूर्व पार्षद थे और स्थानीय राजनीति में उनकी पहचान थी। उनके कार्यकाल के दौरान किए गए जनहित के कार्यों के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ बताई जाती थी।
नगर निकाय चुनाव 2026 में उन्होंने एक बार फिर चुनावी मैदान में उतरने का फैसला किया था। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दस्तावेज दाखिल किए थे। नामांकन के बाद वे समर्थकों के साथ चुनावी रणनीति बनाने में जुटे थे।
अचानक बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह रिखब चंद रील को अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया जाता या चिकित्सकीय सहायता मिलती, उनका निधन हो चुका था। शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने मौत का कारण साइलेंट हार्ट अटैक बताया है।
उनके निधन की खबर मिलते ही किशनगढ़ में चुनावी माहौल शोक में बदल गया। वार्ड 37 समेत शहर के कई लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, स्थानीय व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी शोक जताया। दिवंगत पूर्व पार्षद रिखब चंद रील का अंतिम संस्कार मंगलवार को स्थानीय मुक्तिधाम में किया जाएगा।
वार्ड 37 के चुनाव पर क्या होगा असर?
नामांकन दाखिल करने के अगले ही दिन प्रत्याशी की मौत होने से वार्ड 37 के चुनाव को लेकर प्रशासनिक और कानूनी स्थिति बन गई है। फिलहाल नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया जारी है। प्रत्याशी के निधन के बाद वार्ड 37 में चुनाव की आगे की प्रक्रिया राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार तय की जाएगी।
पढ़ें ये खबरें
- IGKV में साइबर जागृति अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन: पुलिस ने छात्रों को फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट से बचाव के बताए तरीके, मंत्री नेताम बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल
- खेत में अचानक आया गजराज, बुजुर्ग को सूंड से उठाकर पटका; पैर हुआ बुरी तरह घायल
- जिला अस्पताल में विवाद: महिला फिजियोथेरेपिस्ट ने सिविल सर्जन पर लगाए गंभीर आरोप; कलेक्टर से की शिकायत, जांच शुरू
- अवैध खनन और परिवहन पर साय सरकार की सख्ती, GPM जिले में 4 ट्रैक्टर जब्त
- झीरम घाटी जांच आयोग मामले में सुनवाई टली, हाईकोर्ट में दो सप्ताह बाद होगी अगली सुनवाई


