Rajasthan Nikay Chunav: वोटिंग के बीच कई जिलों में हंगामा, कहीं मारपीट तो कहीं फर्जी वोटिंग के आरोप राजस्थान के 162 नगरीय निकायों में बुधवार को चल रही वोटिंग के बीच कई जगह विवाद और हंगामे की घटनाएं सामने आई हैं। दूदू में फर्जी वोटिंग के आरोप को लेकर कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों में मारपीट हुई। सीकर के लक्ष्मणगढ़ में भाजपा नेता मनोज शर्मा पर हमला किए जाने का मामला सामने आया। झुंझुनूं, बाड़मेर, जोधपुर, अलवर और जालोर में भी अलग-अलग घटनाओं को लेकर पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।

दूदू में फर्जी वोटिंग के आरोप पर भिड़े दो पक्ष
जयपुर के दूदू में बिंजोलाव गांव की सरकारी स्कूल में बने बूथ नंबर एक पर वार्ड एक के निर्दलीय प्रत्याशी सलीम और कांग्रेस उम्मीदवार इशाक के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर कहासुनी हुई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद जमकर लात-घूसे चले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने इस मामले में 6 लोगों को हिरासत में लिया है। घटना के बाद पुलिस प्रशासन पर लाठीचार्ज का आरोप भी लगाया गया है। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में दूदू नगर पालिका के वार्ड नंबर एक की घटना का जिक्र करते हुए फर्जी वोटिंग और पुलिस कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
सीकर के लक्ष्मणगढ़ में भाजपा नेता पर हमला
सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में भी मतदान के दौरान तनाव की स्थिति बनी। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, मनोज शर्मा भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में मतदाताओं को पोलिंग बूथ तक ला रहे थे। इसी दौरान निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों से उनकी बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर धक्का-मुक्की हुई और आरोप है कि निर्दलीय समर्थकों के एक गुट ने मनोज शर्मा पर हमला कर दिया। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ता पोलिंग बूथ के बाहर जमा हो गए। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
झुंझुनूं में बूथ के बाहर हंगामा, 3 हिरासत में
झुंझुनूं नगर परिषद सहित जिले की कई नगरपालिकाओं में सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। इसी दौरान वार्ड नंबर 2 के नोबल पब्लिक स्कूल स्थित मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 युवकों को हिरासत में लिया। मतदान केंद्र के आसपास पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।
बाड़मेर में मोबाइल को लेकर हुआ विवाद
बाड़मेर के वार्ड नंबर 13 में मतदान के दौरान पोलिंग बूथ के अंदर मोबाइल ले जाने को लेकर विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई और इसके बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। सूचना मिलने पर ASP नितेश आर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाया और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
जोधपुर में भी दो पक्ष आमने-सामने
जोधपुर जिले के बालेसर दुर्गावता में वार्ड 23 और 25 के मतदान केंद्र पर दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को बूथ स्थल से हटा दिया।
अलवर में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों से मारपीट का आरोप
अलवर के वार्ड नंबर 43 में भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके दोनों बेटों पर निर्दलीय प्रत्याशी अजय मीरवाल के समर्थकों से मारपीट करने के आरोप लगे हैं। घायल मोहित और लोकेश जांगिड़ के मुताबिक, मतदान शुरू होने से पहले सुबह करीब 5 बजे उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई। लोकेश के सिर में 15 टांके आए हैं और उनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद सूर्य नगर स्थित प्राइड स्कूल पोलिंग बूथ पर पुलिस जाब्ता बढ़ाया गया है।
जालोर में दूसरे के नाम पर वोट डालने की कोशिश का आरोप
जालोर के वार्ड नंबर 34 के मतदान केंद्र पर एक युवक के दूसरे व्यक्ति के नाम से वोट डालने पहुंचने का मामला सामने आया। आरोप है कि बूथ से बाहर निकलते ही प्रत्याशियों और समर्थकों ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। मामले को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी पुखराज माली ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है।
कई जिलों में पुलिस की बढ़ी मुस्तैदी
राजस्थान के 162 नगरीय निकायों में मतदान के दौरान अलग-अलग जिलों से सामने आई इन घटनाओं के बाद संवेदनशील मतदान केंद्रों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है। दूदू, लक्ष्मणगढ़, झुंझुनूं, बाड़मेर, जोधपुर, अलवर और जालोर में पुलिस को विवादों के बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
पढ़ें ये खबरें
- सुबह की भागदौड़ में बनाएं 10-15 मिनट में 5 तरह का इंस्टेंट डोसा, न भिगोने की झंझट, न फर्मेंटेशन का इंतजार
- अखिल भारतीय विद्युत मंडलीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम ने जीता खिताब, डबल्स में रजनीश-अनुराग चैंपियन, एकल में कोलकाता के गौतम बने विजेता
- खड़े हनुमान मंदिर पर उमड़ा आस्था का सैलाब: बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचने लगे श्रद्धालु, हिंदूवादी संगठनों ने भी डाला डेरा
- IRCTC के सप्लायर पर चला तुकाराम मुंढे का चाबुक, ISKCON के प्रतिष्ठानों पर भी FDA का एक्शन
- ‘धुरंधर’ के गाने पर ग्रैंड एंट्री: वडोदरा इवेंट में टूट गए पुराने सरकारी प्रोटोकॉल, PM मोदी का वीडियो वायरल



