Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (23 जून 2026) की खबरों में दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने स्मार्ट LED स्ट्रीट लाइट अपग्रेड को दी मंजूरी, झुग्गीवासियों को पक्का मकान और निर्माण श्रमिकों को 2 लाख तक मुफ्त इलाज, CPA खरीद घोटाला: दो वरिष्ठ अधिकारियों पर FIR, सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर से बदलेगी रफ्तार प्रमुख रहा।

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने स्मार्ट LED स्ट्रीट लाइट अपग्रेड को दी मंजूरी
दिल्ली में स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी में LED स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इस पहल का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित और आधुनिक बनाना, सड़कों पर बेहतर रोशनी सुनिश्चित करना और बिजली की खपत को कम करना है। सरकार ने तय किया है कि दिवाली तक करीब 96,000 स्ट्रीट लाइटें बदली जाएंगी। इसके तहत पुराने हाई-प्रेशर सोडियम वेपर (HPSV) बल्ब और पुराने LED फिक्स्चर हटाकर उनकी जगह स्मार्ट LED सिस्टम लगाए जाएंगे।

झुग्गीवासियों को पक्का मकान और निर्माण श्रमिकों को 2 लाख तक मुफ्त इलाज
दिल्ली की रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) सरकार ने राजधानी के गरीब और श्रमिक वर्ग के हित में दो अहम फैसलों को मंजूरी दी है। इन निर्णयों से लाखों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। पहले फैसले के तहत सरकार ने घोषणा की है कि 1 जनवरी 2025 तक झुग्गी बस्तियों में रहने वाले पात्र परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य झुग्गी में रह रहे परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। दूसरे फैसले में भवन निर्माण श्रमिकों के लिए एक नई स्वास्थ्य योजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत श्रमिकों को 2 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। यह योजना गंभीर बीमारियों और आपात चिकित्सा जरूरतों में श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी।

CPA खरीद घोटाला: दो वरिष्ठ अधिकारियों पर FIR
अस्पतालों में दवाओं और मेडिकल उपकरणों की खरीद से जुड़े सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) मामले में जांच का दायरा बढ़ गया है। इस मामले में तत्कालीन प्रभारी डॉ. विनोद कुमार रंगा की गिरफ्तारी के बाद अब 2 और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें तत्कालीन DGHS डॉक्टर वत्सला अग्रवाल (Vatsala Agrawal) और डिप्टी कंट्रोलर अकाउंट्स नीरज चोपड़ा (Neeraj chopra) शामिल हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के आदेश के बाद की जा रही है, जिसके तहत CPA के माध्यम से हुई खरीद प्रक्रियाओं की विस्तृत जांच शुरू की गई है। जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 17A के तहत आगे बढ़ाई जा रही है। इस मामले की जांच अब भ्रष्टाचार विरोधी शाखा (ACB) कर रही है, जो दोनों अधिकारियों की भूमिका और निर्णय प्रक्रिया की गहन जांच में जुटी है।

सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर से बदलेगी रफ्तार
नई दिल्ली के प्रशासनिक केंद्र तक मेट्रो कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने बुधवार से सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर (Central Vista Corridor) के तहत सेंट्रल सेक्रेटेरिएट मेट्रो स्टेशन (Central Secretariat metro station) पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। यह स्टेशन तैयार होने के बाद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क का एक महत्वपूर्ण ट्रिपल इंटरचेंज हब (triple-interchange hub) बन जाएगा, जहां 3 प्रमुख मेट्रो लाइनें मैजेंटा, येलो और वायलेट लाइन एक-दूसरे से जुड़ेंगी। इससे यात्रियों को केंद्रीय दिल्ली के प्रशासनिक क्षेत्र तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी और इंटरचेंज की प्रक्रिया भी पहले से अधिक सुगम हो जाएगी।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
मानसून से पहले रेखा सरकार अलर्ट: दिल्ली में हर साल मानसून के दौरान जलभराव और बाढ़ जैसे हालात बड़ी चुनौती बन जाते हैं। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई इलाकों में यातायात भी प्रभावित होता है। इस समस्या से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने इस बार मानसून से पहले ही तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की सरकार ने राजधानी में जलभराव रोकने और बारिश के पानी की निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक विस्तृत योजना तैयार की है। इसके तहत नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था की निगरानी और संवेदनशील इलाकों में पहले से इंतजाम करने पर जोर दिया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
बिजली चोरी के खिलाफ एक्शन मोड में सरकार: राजधानी दिल्ली में बिजली चोरी रोकने के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया गया है। बिजली मंत्री आशीष सूद के निर्देशों पर बिजली विभाग ने उन इलाकों को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया है, जहां बिजली चोरी और लाइन लॉस की समस्या अधिक है। अभियान के तहत ज्यादा नुकसान वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जा रही है और बिजली चोरी रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य बिजली वितरण व्यवस्था को बेहतर बनाना और अनधिकृत बिजली उपयोग पर लगाम लगाना है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली के अधिक बिजली नुकसान वाले इलाकों में शामिल कमरुद्दीन नगर में पहले की तुलना में सुधार देखने को मिला है। बिजली चोरी पर नियंत्रण और निगरानी बढ़ने से इलाके में बिजली विभाग के नुकसान में कमी आने का दावा किया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स केस: दिल्ली के नाइट क्लबों में निवेश की आशंका: नई दिल्ली। गुजरात के मुंद्रा पोर्ट ड्रग्स मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को दिल्ली में बड़ी कार्रवाई की। ED की टीमों ने राजधानी में 5 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित तौर पर करीब 21,000 करोड़ रुपये कीमत के 3,000 किलोग्राम ड्रग्स की तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क की जांच के तहत की गई है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स तस्करी से अर्जित धन का इस्तेमाल कहां और किस तरह किया गया। सूत्रों के अनुसार, ईडी की जांच ड्रग्स तस्करी से जुड़े आर्थिक लेनदेन, संदिग्ध निवेश और अवैध कमाई के नेटवर्क पर केंद्रित है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने संबंधित परिसरों से दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली महरौली बच्ची दुष्कर्म-हत्या मामला: दिल्ली के महरौली इलाके में एक कैब चालक ने सीडीआर चौक के पास से एक मासूम बच्ची का अपहरण किया और चलती गाड़ी में उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी कई घंटों तक बच्ची को अपने कब्जे में रखकर दिल्ली-NCR की सड़कों पर घूमता रहा। जब वह बच्ची को लेकर दिल्ली लौट रहा था, तभी पुलिस की नाकेबंदी देखकर वह घबरा गया और पकड़े जाने के डर से वाहन को फिर गुरुग्राम की ओर मोड़ दिया। गुरुग्राम में एक सुनसान जगह पर ले जाकर आरोपी ने बच्ची के साथ दोबारा दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। (पढ़े पूरी खबर)
उद्योग भवन के पास मजदूरों की बस्ती में लगी भीषण आग: राजधानी दिल्ली में उद्योग भवन (Udyog Bhawan) इलाके के पास बुधवार तड़के मजदूरों की एक बस्ती में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में टिन-शेड से बनी करीब 200 अस्थायी झुग्गियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस हादसे में करीब 200 टिन-शेड पूरी तरह जलकर खाक हो गए। (पढ़े पूरी खबर)
चैतर वसावा की सजा पर केजरीवाल का हमला: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गुजरात की एक अदालत के फैसले को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने विधायक चैतर वसावा को सजा दिए जाने के मामले में इसे कथित साजिश बताया और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। केजरीवाल ने अदालत या जज का नाम लिए बिना कहा कि वसावा को साजिश के तहत फंसाया गया है। उन्होंने फैसले पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता इस फैसले का जवाब BJP को देगी। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि “ED पार्टी” ने साजिश कर वसावा को 7 साल की सजा दिलवाई है। इससे पहले भी केजरीवाल ने दिल्ली हाई कोर्ट (Delhi High Court) के एक फैसले को लेकर नाराजगी जताई थी। वहीं, अदालतों के फैसलों पर राजनीतिक दलों की प्रतिक्रिया को लेकर भी समय-समय पर बहस होती रही है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

