प्रयागराज. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को दावा किया कि भाजपा वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी. सोमवार को प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी ने इसके लिए लक्ष्य तय कर लिया है और संगठन बूथ सत्यापन अभियान के जरिए जमीनी स्तर पर तैयारियों में जुटा है.
इसे भी पढ़ें- हिंदू बनकर जिससे किया विवाह उसी ने कर दी हत्या, शादी करके पछता रही थी…
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना और जनता के हित में लगातार काम करना है. पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने में जुटी है. उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और संगठनात्मक गतिविधियां लगातार जारी हैं.
75 जिलों के विकास का किया दावा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जिलों के सर्वांगीण विकास और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय, उच्च न्यायालय और जनपद न्यायालयों से जारी आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी सरकार का पूरा जोर है.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि उनके पास न कोई काम है और न ही कोई मुद्दा. सत्ता से दूर होने के कारण वह बेचैन हैं और सत्ता में लौटने की लालसा में उल्टे-सीधे बयान दे रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव के फिलहाल सत्ता के आसपास पहुंचने की कोई संभावना नहीं है.
इसे भी पढ़ें- आकाश आउट, ईशान इन! मायावती का प्रयोग या महज संयोग, नया उत्तराधिकारी खोज रही बसपा?
आर्थिक विकास को लेकर भी घेरा
देश की आर्थिक प्रगति को लेकर भी केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि की रफ्तार 7 से 8 प्रतिशत के बीच है और देश की तेज आर्थिक प्रगति भारत के साथ-साथ दुनिया की बड़ी एजेंसियों को भी दिखाई दे रही है. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को सकारात्मक दृष्टि से देखने पर सरकार के कामकाज का असर स्पष्ट नजर आता है. मौर्य ने कहा कि भाजपा देश और प्रदेश के हित में लगातार काम करने के संकल्प के साथ 2027 के चुनाव की तैयारी कर रही है.



