फरीदाबाद। धौज गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में रविवार तड़के प्रसव पीड़ा से परेशान महिला की अस्पताल के गेट के बाहर ही डिलीवरी हो गई। बाली कस्बे की रहने वाली नूरजहां खान को परिजन करीब सुबह 3:30 बजे PHC लेकर पहुंचे थे।

आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट पर ताला लगा था और मौके पर डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद नहीं था। मदद नहीं मिलने पर महिला ने गेट के बाहर ही बच्चे को जन्म दिया। परिजनों ने घटना का वीडियो बनाया, जो दो दिन बाद वायरल हुआ।

गेट पर लगा था ताला, स्टाफ भी नहीं मिला

नूरजहां खान के पति मोसिम खान के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 3:30 बजे उनकी पत्नी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर धौज PHC पहुंचे। वहां बिल्डिंग के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन मुख्य गेट पर ताला लगा मिला।

परिजनों ने आसपास डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ को तलाश किया। आरोप है कि उस समय स्वास्थ्य केंद्र में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इस बीच महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ती गई।

अस्पताल के बाहर ही बच्चे को जन्म

मोसिम खान का कहना है कि काफी देर तक मदद नहीं मिलने के बाद महिला की डिलीवरी PHC के मुख्य गेट के बाहर ही हो गई। परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।

परिजनों का आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद भी करीब आधे घंटे तक कोई स्वास्थ्यकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

चपरासी के जरिए खुलवाया गया गेट

परिजनों के मुताबिक, बाद में किसी तरह एक चपरासी को बुलाया गया। उसके जरिए स्वास्थ्य केंद्र का गेट खुलवाया गया। इसके बाद जच्चा और बच्चे को अंदर वार्ड में ले जाकर भर्ती कराया गया।

मोसिम खान का आरोप है कि भर्ती कराने के बाद भी करीब एक घंटे तक नर्सिंग स्टाफ वहां नहीं पहुंचा। बाद में स्टाफ के पहुंचने पर जच्चा और बच्चे की जांच और देखभाल शुरू की गई। घटना रविवार तड़के की बताई जा रही है। परिजनों द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो दो दिन बाद वायरल हुआ। इसके बाद धौज PHC की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m