Pakistan Terrorist Hafiz Zulfikar Killed: पाकिस्तान में एक और कथित आतंकी के मारे जाने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के लिए कथित तौर पर भर्ती करने वाले और 26/11 मुंबई हमले के मास्टरमाइंड जकी-उर-रहमान लखवी के रिश्तेदार हाफिज जुल्फिकार की पाकिस्तान में अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर हत्या कर दी।
CCTV वीडियो में क्या दिख रहा है?
सोशल मीडिया पर वायरल बताए जा रहे CCTV फुटेज में एक व्यक्ति सड़क पर आगे जा रहे दूसरे शख्स का पीछा करता दिखाई देता है। कुछ ही क्षण बाद वह उसके बेहद करीब पहुंचता है और सिर से सटाकर गोली मार देता है। गोली लगते ही सामने मौजूद व्यक्ति जमीन पर गिर जाता है, जबकि हमलावर मौके से फरार हो जाता है। वीडियो को सोशल मीडिया पोस्ट में हाफिज जुल्फिकार की हत्या से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।
‘आतंकियों के लिए छुपने की कोई जगह नहीं’
वायरल वीडियो को पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल डीपी पांडे ने भी सोशल मीडिया पर शेयर किया। उन्होंने वीडियो के साथ लिखा, “No place to hide, Dead is best”। उनके पोस्ट का संदेश आतंकवाद से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है। वीडियो शेयर करने वाले अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने “Wicket down” जैसे कैप्शन के साथ हाफिज जुल्फिकार के मारे जाने का दावा किया है।
26/11 मुंबई हमले से क्या है कनेक्शन?
हाफिज जुल्फिकार को लेकर वायरल दावे में सबसे अहम नाम जकी-उर-रहमान लखवी का है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के रिकॉर्ड के मुताबिक, लखवी लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख ऑपरेशनल और सैन्य कमांडर रहा है और संगठन की आतंकी गतिविधियों से जुड़ा रहा है।
26 नवंबर 2008 को मुंबई में समुद्र के रास्ते आए 10 आतंकियों ने कई जगहों को निशाना बनाया था। तीन दिन चले इस हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। लखवी को मुंबई हमले की साजिश और संचालन से जुड़े प्रमुख आरोपियों में शामिल किया गया था। फिलहाल हाफिज जुल्फिकार की कथित हत्या और वायरल CCTV वीडियो की आधिकारिक या स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


