शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक पत्र जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि तीन दिन तक कोई भी नेता बाइट और मीडिया डिबेट में शामिल नहीं होगा। इस संबंध में संगठन प्रभारी महासचिव डॉ संजय कामले ने आदेश जारी किया हैं।

कांग्रेस की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि ‘मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उनके परिवार से जुड़े कथित भूमि घोटाला प्रकरण को लेकर प्रदेशभर में व्यापक जनचर्चा है। बड़ी संख्या में नागरिकों ने सोशल मीडिया पर तथ्य, दस्तावेज और सवाल उठाए हैं। इसके बावजूद अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश के अधिकांश इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने जनभावनाओं के अनुरूप इस गंभीर विषय को न तो प्रसारित किया और न ही इस पर सार्थक टीवी बहस आयोजित की।’

ये भी पढ़ें: नेता प्रतिपक्ष ने दिग्विजय से की मुलाकात: बंद कमरे में हुई चर्चा, बैठक के बाद उमंग सिंघार ने कही ये बात

कांग्रेस का मानना है कि जनहित और जवाबदेही से जुड़े ऐसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता देने के बजाय जनता का ध्यान अन्य मुद्दों की ओर मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे प्रदेश की जनता तक महत्वपूर्ण जानकारियां प्रभावी रूप से नहीं पहुंच पा रही हैं। इसी के विरोध में तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी असहमति दर्ज कराने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि आगामी तीन दिनों तक “मौन सत्याग्रह” किया जाएगा।’

आदेश में कहा गया कि ‘इस अवधि में अधिकृत पत्रकार वार्ताओं को छोड़कर, मध्य प्रदेश कांग्रेस का कोई भी अधिकृत नेता, प्रवक्ता अथवा प्रतिनिधि किसी भी टीवी डिबेट में भाग नहीं लेगा, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को कोई व्यक्तिगत आधिकारिक वक्तव्य नहीं देगा तथा किसी भी टेलीविजन बहस में शामिल नहीं होगा।’

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m