CG Morning News : सीएम साय आज कोरबा और सरगुजा का दौरा करेंगे. वे दोपहर 12 बजे कोरबा रवाना होंगे. ग्राम रिस्ती में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर 2.25 बजे सीएम साय अंबिकापुर पहुंचेंगे, जहां वे माता राजमोहिनी देवी भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इसके बाद शाम 5.30 बजे रायपुर लौटेंगे.


राज्य में आज मनाया जाएगा विश्व वेटलैंड्स दिवस
राज्य में सोमवार को विश्व वेटलैंड्स दिवस मनाया जाएगा. इस वर्ष की ‘थीम वेटलैंड्स एंड ट्रेडिशनल नॉलेज सेलेब्रेटिंग कल्चर हेरिटेज’ है. इसका उद्देश्य वेटलैंड्स से जुड़े स्थानीय समुदायों की सांस्कृतिक परंपराओं और पारंपरिक ज्ञान को उजागर करना है. छत्तीसगढ़ राज्य वेटलैंड्स प्राधिकरण द्वारा राज्य के सभी वनमंडलों में बर्ड वॉक, स्कूली विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग-पोस्टर प्रतियोगिता और वेटलैंड्स मित्रों व हितधारकों के लिए कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा. प्राधिकरण ने अब तक राज्य के 44 प्रमुख वेटलैंड्स को अधिसूचित किया है.
आज छत्तीसगढ़ को जीत के लिए 121 रन बनाने होंगे
रायपुर. बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-23 कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी चार दिवसीय क्रिकेट में चंडीगढ़ का सामना छत्तीसगढ़ से हो रहा है. चंडीगढ़ के सेक्टर-22 क्रिकेट मैदान में चल रहे इस मैच में 2 फरवरी को खेल के आखिरी दिन राज्य की टीम को जीत के लिए 121 रन बनाना होगा. यहां टॉस जीतकर छत्तीसगढ़ ने फील्डिंग का निर्णय लिया था. बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ ने अपनी पहली पारी में 101.3 ओवरों में 10 विकेट खोकर 417 रन बनाये. इसमें दुष्यंत ने 116, कप्तान आरुष भंडारी ने 105 और अधिराज ने 102 रनों की पारी खेली. गेंदबाजी करते हुए वासुदेव बरेथ, प्रशांत सांई पैंकरा तथा दीपक यादव ने 3-3 विकेट प्राप्त किये. इसके बाद छत्तीसगढ़ ने अपनी पहली पारी में 92.1 ओवरों में 10 विकेट खोकर 383 रन बनाये. इसमें शोभित शर्मा ने 97 तथा हर्ष साहू ने 88 रनों की पारी खेली. इनके अलावा साहिल रजत शरीफ ने 50 और राहुल प्रधान ने 52 रन बनाये. चंडीगढ़ की ओर से जसकिरत सिंह ने 4 तथा आर्यन दुग्गल ने 2 विकेट प्राप्त किये. इस प्रकार पहली पारी में 34 रन की बढ़त के बाद दूसरी पारी में चंडीगढ़ की टीम 45.4 ओवरों में सभी 10 विकेट खोकर केवल 143 रन बना पाई. इसमें गेंदबाजी करते हुए छत्तीसगढ़ की ओर से वरुण सिंह भुई ने 6 विकेट तथा वासुदेव बरेध ने 3 विकेट चटकाये. इसी के साथ छत्तीसगढ़ को जीत के लिए 178 रनों का लक्ष्य मिल गया. इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी राज्य की टीम तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक दूसरी पारी में 12 ओवर में 2 विकेट पर 57 रन बनाकर जीत से 121 रन पीछे है.
केंद्र सरकार का बजट शेखचिल्ली का शोरबा : भूपेश
रायपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केन्द्रीय बजट को शेखचिल्ली का शोरबा करार दिया. उन्होंने कटाक्ष किए कि विश्व की शीर्ष अर्थव्यवस्था में होने की शेखी बघारने वाले विश्वगुरु हो गए लेकिन बजट ने कलई खोलकर रख दी. मोदी सरकार के घोर निराशाजनक बजट से देश का हर वर्ग हताश है. मध्यम, निम्न मध्यम, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के लिए कुछ भी नहीं है. यह अव्यवहारिक, अन्यायपूर्ण, मध्यम वर्ग विरोधी बजट है. शेयर बाजार बैठ गया, निवेशक बाजार से अपना पैसा निकाल रहे हैं. मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से जनता का भरोसा टूट चुका है. बजट में बेतहाशा बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी रोकने कोई प्रयास नहीं है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस कटौती के बजट में विदेशी हलचल से बाजार पर होने वाला असर रोकने का कोई संकल्प नहीं है. पीएम मोदी अब काटने में लग गए हैं, बांट तो वो पहले ही रहे थे. बीते साल 2025-26 में न राजस्व बढ़ा पाए, न टैक्स वसूली मजबूत हो पाई. इस बार भी निर्मला सीतारमण के धुआंधार बजट में धुआं बहुत और धार बहुत पतली है. महिलाओं, युवाओं के रोजगार के लिए कुछ नहीं है. निवेशक नए निवेश से घबरा रहे, पूर्व में संचालित उद्योग, व्यापार चलाना मुश्किल हो रहा है. सरकार केवल मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखा रही है. मोदी सरकार की प्राथमिकताओं में जनकल्याणकारी योजनाएं नहीं हैं. खाद एवं खाद्य सब्सिडी, मनरेगा, एमएसपी गारंटी, सामाजिक सुरक्षा मद में कोई विशेष प्रावधान नहीं है.
रायपुर में आज के कार्यक्रम
दर्शन व संगोष्ठी
पुरी के शंकराचार्यजी राजधानी में
संस्था- श्रीसुदर्शन संस्थानम् रावणभाठा
समय प्रातः 8 बजे एवं शाम 6 बजे के सत्रों में संगोष्ठी व दर्शन.
भागवत कथा
संस्थान – रामकृष्ण मिशन विवेकानंद आश्रम
कथाव्यास- पंडित अखिलेश शास्त्री वृंदावन
स्थान- जीई रोड स्थित विवेकानंद आश्रम का सत्संग भवन
समय शाम 7 से रात्रि 9 बजे तक.
योग-क्लास
संस्था- सत्यदर्शन योगाश्रम
स्थान- सिविल लाइन स्थित योगाश्रम का भवन
समय- शाम 5 से 6 बजे तक.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


