किशनगंज। शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनार पट्टी रोड स्थित रामबाबू गली में कचरे के ढेर से एक नवजात बच्ची का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बच्ची का शव एक पुराने कार्टून के अंदर मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार बच्ची की उम्र करीब तीन दिन प्रतीत हो रही है। घटना सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

राहगीर की सतर्कता से हुआ खुलासा

घटना का पता उस समय चला जब सुबह के समय एक राहगीर की नजर कचरे के ढेर पर पड़ी। पहले उसे लगा कि यह कोई बेकार सामान है, लेकिन पास जाकर देखने पर उसने कार्टून के अंदर नवजात का शव देखा। उसने तुरंत इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

थानाध्यक्ष अभिषेक रंजन ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि बच्ची की मौत स्वाभाविक थी या किसी प्रकार की क्रूरता का परिणाम। पुलिस नवजात की पहचान और उसकी मां का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं सामाजिक दबाव, मजबूरी या अन्य कारणों से तो यह घटना नहीं हुई।