Bilaspur News Update : बिलासपुर। शहर के एक सराफा व्यापारी से राजस्थान के ठग ने खरीदने का झांसा देकर 37 लाख रुपए के 224.670 ग्राम सोने के जेवर मंगा लिया और फरार हो गया। पुलिस अपराध कायम कर जांच में जुट गई है।

Bilaspur News Update

कोतवाली टीआई देवेश सिंह राठौर ने बताया, तेलीपारा अजीत होटल के सामने स्थित श्री लीला ज्वेर्ल्स के संचालक तुषार दोशी 44 साल ने रिपोर्ट लिखाई। 6 मार्च 2024 को एक व्यक्ति उनकी दुकान में आया। उसने अपना नाम कमलेश सोनी, राम सिल्वर 156 सी, दाउजी की बावड़ी, नाकोड़ा नगर उदयपुर राजस्थान का होना बताया। उसने खुद को सोना चांदी के आभूषणों का व्यापारी बताते हुए व्यापारिक लेनदेन के लिए भरोसा दिलाया। उसने तुषार दोशी को 22 कैरेट सोने के जेवर लेकर उन्हें बाजार में बेचकर राशि वापस करने की बात कही। उसकी बातों में आकर तुषार दोशी ने 224.670 ग्राम सोने के हार, कंगन कीमत 36 लाख 86 हजार को बुक किया।

दोशी ने 20 मार्च को सोने के जेवर को कुरियर के माध्यम से उदयपुर स्थित राम सिल्वर के पते पर भेज दिया। जेवर मिलने पर उक्त व्यक्ति ने दोशी के बैंक खाते में 6 हजार 500 रुपए आनलाइन पेमेंट किया। उसके बाद वह न तो पैसा न जेवर वापस कर रहा है। पुलिस ने उनकी रिपोर्ट पर कमलेश सोनी के खिलाफ धारा 420 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।

शाखा डाकघरों में स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा

बिलासपुर। डाक विभाग द्वारा आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब शाखा डाकघरों में भी स्पीड पोस्ट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस सेवा के माध्यम से नागरिक अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज, आवेदन पत्र, पार्सल एवं अन्य सामग्री को तेज, सुरक्षित एवं विश्वसनीय तरीके से देश के किसी भी हिस्से में भेज सकते हैं। स्पीड पोस्ट बुकिंग के लिए अब मुख्य डाकघर या उपडाकघर जाना अनिवार्य नहीं है, बल्कि नागरिक अपने नजदीकी शाखा डाकघर से ही यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। डाक विभाग के अनुसार यह सेवा विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। अधिक जानकारी के लिए नागरिक अपने नजदीकी शाखा डाकघर से संपर्क कर सकते हैं तथा डाक विभाग की इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

नौकरी का झांसा देकर 5.25 लाख की ठगी, शातिर आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र से नौकरी लगवाने के नाम पर 5 लाख 25 हजार की ठगी का मामला सामने आया है।शातीर आरोपी ने न सिर्फ अपनी कई बार पहचान बदली बल्कि फर्जी दस्तावेजों से बैंक खाते भी खुलवाए। वह पटवारी और केमिस्ट की नौकरी का झांसा देता था और यूपीआई के जरिए लोगों से पैसों का ट्रांसजेक्शन करता था। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार देवांगन उर्फ गोलू उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 341(2) BNS के तहत कार्रवाई की जा रही है।

गश्त के दौरान वनरक्षक से मारपीट, 2 गिरफ्तार

बिलासपुर। गश्त के दौरान वनरक्षक से रास्ता रोककर मारपीट करने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रतनपुर पुलिस के अनुसार, वनरक्षक कृपानंद जांगडे पिता लखन जांगड़े 34 साल वन परियोजना परिक्षेत्र मैसाझार में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ता में कार खड़ी कर मार्ग अवरुद्ध कर 4 लोग शराब पी रहे थे। उन्होंने रास्ते से हटने के लिए कहा तो चारों ने मारपीट कर दी। पुलिस ने वनरक्षक की रिपेर्ट पर हमलावरों के खिलाफ बीएनएस की 206, 126, 2, 121 1 132 351,23 5 के तहत जुर्म दर्ज कर हमलावर बीरबल यादव पिता लक्ष्मण यादव 37 सल मोहारखार कोटा, राजा यादव पिता रामरतन यादव 27 साल दूरपा बाराद्वार को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो ह‌मलावर पुलिस की पकड़ से बहर है।

महिला पर दो युवकों ने चाकू से किया हमला

बिलासपुर। स्कूटी से घर जा रही महिला पर अचानक स्कूटी सवार दो युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। जिससे उनके कंधे में चोट आई है। चाकूबाजी की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तोरवा टी आई अभय सिंह बैस ने बताया, शंकरनगर वैशाली टावर निवासी ज्योति सिंह 5 जनवरी की शाम 6 बजे स्कूटी से अपने घर जा रही थी। शंकरनगर नकटी भवानी मंदिर के पास अचानक स्कूटी सवार दो युवक आए और चलती गाड़ी से उन पर चाकू से हमला कर दिया। जिससे श्रीमती सिंह के कंधे में चोट आई है। वे स्कूटी रोककर चिल्लाने लगीं, जिससे लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने घटना की सूचना तोरवा पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंचकर घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है। पुलिस सरगर्मी से क्षेत्र में हमलावरों की तलाश में जुट गई है।