Delhi Morning News Brief (दिल्ली मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (07 फरवरी 2026) की खबरों में ‘भारत टैक्सी’ सहकारी मॉडल से जुड़ने वाला देश का पहला राज्य बना दिल्ली, दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता, दिल्ली में बाइक सवार की मौत के मामले में सब-कॉन्ट्रैक्टर गिरफ्तार, बालिगों को शादी के लिए परिवार या समाज की मंजूरी जरूरी नहीं, दिल्ली पुलिस ने IPS अफसर के खिलाफ दर्ज की FIR प्रमुख रहा।

‘भारत टैक्सी’ सहकारी मॉडल से जुड़ने वाला देश का पहला राज्य बना दिल्ली
दिल्ली देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने सहकारी मोबिलिटी प्लेटफॉर्म ‘भारत टैक्सी’ के साथ औपचारिक साझेदारी की है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को औपचारिक रूप से ‘भारत टैक्सी’ सेवा लॉन्च की थी। इसके तुरंत बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की मौजूदगी में दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (DTTDC) ने भारत टैक्सी की सहकारी इकाई सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड (STCL) के साथ MOU पर साइन किया।

दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता
राजधानी दिल्ली में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (ANC) को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 339.5 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

बालिगों को शादी के लिए परिवार या समाज की मंजूरी जरूरी नहीं
दिल्ली हाईकोर्ट(Delhi High Court) ने एक महत्वपूर्ण फैसले में साफ शब्दों में कहा है कि बालिग लड़का और लड़की को अपनी मर्जी से जीवनसाथी चुनने के लिए न तो परिवार और न ही समाज की मंजूरी की जरूरत है। अदालत ने दोहराया कि यह व्यक्ति की निजी स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकार का हिस्सा है। कोर्ट ने कहा कि जब दो बालिग अपनी स्वतंत्र इच्छा और सहमति से शादी करते हैं, तो उनके इस फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। ऐसे मामलों में समाज, परिवार या यहां तक कि राज्य को भी उनके निजी निर्णय में दखल देने का कोई अधिकार नहीं है।

दिल्ली में बाइक सवार की मौत के मामले में सब-कॉन्ट्रैक्टर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड (DJB) द्वारा खुदवाए गए गड्ढे में गिरने से गुरुवार रात हुई बाइक सवार की मौत के मामले में सहायक ठेकेदार राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया है। राजधानी के बीचोबीच सुरक्षा में चूक को लेकर व्यापक आक्रोश पैदा करने वाले इस मामले में यह पहली गिरफ्तारी है। इसके अलावा जनकपुरी थाना पुलिस ने ठेकेदार और दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की है।

दिल्ली पुलिस ने IPS अफसर के खिलाफ दर्ज की FIR
राजधानी दिल्ली में एक बेहद गंभीर मामले में पुलिस ने मिजोरम कैडर के IPS अधिकारी के खिलाफ FIR दर्ज की है। यह मामला 2023 का है, जब अधिकारी ने दिल्ली में बिना किसी अनुमति के फर्जी छापेमारी कराई और एक विदेशी नागरिक को अवैध तरीके से हिरासत में रखा। विजिलेंस जांच में सामने आया कि अधिकारी ने न केवल नियमों की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि हिरासत के दौरान कोई कानूनी प्रक्रिया अपनाए बिना विदेशी नागरिक को रोका। इसके अलावा, जब्त सामग्री का कोई रिकॉर्ड नहीं बनाया गया और हिरासत स्थल वैध नहीं था।
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
दिल्ली सरकार का एक साल पूरा: दिल्ली सरकार 8 फरवरी 2026 को रामलीला मैदान में एक बड़े और भव्य सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इस अवसर पर CM रेखा गुप्ता, पूरी कैबिनेट और सरकार के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शामिल होंगे। यह आयोजन राजधानी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी की जीत के एक साल पूरे होने के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। (पढ़े पूरी खबर)
बंदूक दिखाकर VIDEO बनाई तो खैर नहीं: राजधानी दिल्ली में लगातार गन कल्चर बढ़ता जा रहा है, जिस वजह से हत्या और गोलीबारी की घटनाएं भी देखने को मिलती हैं। हालांकि अब गोलीबारी और गन कल्चर की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन शस्त्र शुरू किया है। राजधानी दिल्ली में गन कल्चर और बढ़ते क्राइम के खिलाफ दिल्ली पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी मुहिम इसे कहा जा रहा है। सोशल मीडिया पर गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले 6000 सोशल मीडिया अकाउंट के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। (पढ़े पूरी खबर)
दिल्ली में कूड़े के पहाड़ कब तक होंगे खत्म: राजधानी दिल्ली में भलस्वा, गाजीपुर और ओखला की लैंडफिल साइट लंबे समय से कचरे के पहाड़ के रूप में पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। अब इन्हें खत्म करने को लेकर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ताने कहा कि सरकार ओखला और भलस्वा के कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के लिए बेहद गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि इस साल के अंत तक इन दोनों लैंडफिल साइट्स पर जमा लीगेसी वेस्ट को पूरी तरह समाप्त कर लिया जाएगा। (पढ़े पूरी खबर)
रेखा गुप्ता सरकार का खास प्लान: राजधानी दिल्ली में परिवहन व्यवस्था में व्यापक और संरचनात्मक सुधार के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। दिल्ली यूनिफाइड मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (DUMTA) और एक समर्पित दिल्ली अर्बन ट्रांसपोर्ट फंड (DUTF) के गठन की तैयारी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर इसके लिए एक व्यापक विधेयक का मसौदा तैयार करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


