रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में एक मेडिकल यूनिवर्सिटी में चाकू से हमला होने की घटना सामने आई है। इस हमले में कम से कम चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भारतीय दूतावास ने शनिवार रात (7 फरवरी 2026) को इस घटना की पुष्टि की। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि उफा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में चार भारतीय छात्र घायल हुए हैं और उन्हें समुचित इलाज मिल रहा है।
दूतावास के मुताबिक, वह रूस के स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में है। साथ ही, कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा के लिए रवाना हो चुके हैं, ताकि घायल छात्रों को हर संभव सहायता प्रदान की जा सके। मीडिया रिपोर्ट्स और भारत में स्थित भारतीय मिशन से मिली जानकारी के अनुसार, रूस के गृह मंत्रालय ने बताया है कि प्रारंभिक सूचनाओं में सामने आया है कि चाकू लिए एक किशोर रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के उफा शहर में स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया। आरोपी ने वहां रह रहे छात्रों पर हमला किया, जिसमें कई छात्रों को चाकू लगने से गंभीर चोटें आई हैं।
खुद को भी मारा चाकू
RTVI डॉट कॉम वेबपोर्टल ने रूस के गृह मंत्रालय की प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से बताया कि हमलावर ने गिरफ्तारी के दौरान पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, जिसमें दो पुलिस अधिकारियों को चाकू से चोटें आईं। इसके अलावा, संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया।
एक की हालत गंभीर
इसे “दुर्भाग्यपूर्ण घटना” बताते हुए यहां स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि इस हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं। दूतावास के अनुसार, वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और कज़ान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए उफ़ा रवाना हो गए हैं। इस बीच, रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक विज्ञप्ति में बताया कि हमले में घायल चार लोगों को चिकित्सकीय उपचार दिया जा रहा है। मंत्रालय के मुताबिक, एक घायल की हालत गंभीर, जबकि तीन अन्य की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
‘बाज़ा’ टेलीग्राम चैनल के अनुसार, हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना मॉस्को से करीब 1200 किलोमीटर दूर स्थित बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में हुई, जहां मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। बाज़ा चैनल ने दावा किया है कि हमलावर का संबंध एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से था, हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं, रेन टीवी ने एम्बुलेंस वैन के जरिए घायलों को अस्पताल ले जाने के फुटेज प्रसारित किए हैं। चैनल के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना स्थल पर “चारों ओर खून फैला हुआ था।”
जांच में सामने आई अहम जानकारी
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी का संबंध एक प्रतिबंधित नियो-नाजी संगठन से बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हमले के दौरान वह राष्ट्रवादी नारे भी लगा रहा था। हालांकि, इन दावों को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और जांच एजेंसियां हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही हैं। इस बीच, घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और रूस में रह रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक


